Share Market News: भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को लगातार दूसरे दिन जोरदार तेजी देखी गई। सेंसेक्स 1,205 अंक चढ़कर 75,273 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 394 अंकों की तेजी के साथ 23,306 पर बंद हुआ। बैंक निफ्टी 1,069 अंक और मिडकैप 1,244 अंक चढ़कर बंद हुए। अमेरिका-ईरान के बीच जंग खत्म होने की उम्मीद और कच्चे तेल में गिरावट से निवेशकों का सेंटिमेंट मजबूत हुआ।
अमेरिका-ईरान के बीच समझौते की उम्मीद से बाजार में तेजी
बाजार मेंतेजी के पीछे सबसे बड़ा कारण अमेरिका और ईरान के बीच जंग खत्म होने की उम्मीद रही। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ चल रही लड़ाई को खत्म करने पर काम हो रहा है और एक समझौता प्रस्ताव भेजा गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका, ईरान और इजरायल के बीच तनाव कम होने के संकेत बाजार में सकारात्मक माहौल बना रहे हैं।
क्रूड में गिरावट और India VIX में कमी
कच्चेतेल की कीमतों में गिरावट भी बाजार की तेजी का बड़ा कारण रही। ब्रेंट क्रूड 4.34 फीसदी गिरकर 99.95 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। $100 के नीचे आना इस बात का संकेत है कि बाजार अमेरिका-ईरान तनाव कम होने की उम्मीद कर रहा है। मार्केट वोलैटिलिटी को मापने वाला इंडिया वीआईएक्स 0.43 फीसदी गिरकर 24.69 पर आ गया, जो दिखाता है कि निवेशकों का डर कम हुआ है।
सभी सेक्टर में दिखी तेजी, वैल्यू बाइंग का समर्थन
निफ्टीकंज्यूमर ड्यूरेबल में 3.51 फीसदी, पीएसयू बैंक में 2.67 फीसदी और मेटल में 2.56 फीसदी की तेजी रही। अधिकांश सेक्टरों में 2 फीसदी से अधिक की बढ़त दर्ज की गई। पिछले कुछ दिनों की गिरावट के बाद निवेशकों ने निचले स्तरों पर वैल्यू बाइंग की, जिससे सभी सेक्टरों में चौतरफा खरीदारी का माहौल बना।
बाजार में आगे की चाल कैसी रहेगी?
मार्केट एक्सपर्ट मिथिल दोसीके अनुसार, अगर हालात नियंत्रण में रहते हैं तो बाजार अप्रैल से और तेजी पकड़ सकता है। तकनीकी तौर पर निफ्टी के लिए 21,700 का स्तर अहम है, जबकि 23,800 के ऊपर बने रहने पर बाजार का सेंटिमेंट और मजबूत हो सकता है। हालांकि, बाजार की चाल अमेरिका और ईरान के बीच आगे होने वाले घटनाक्रम पर निर्भर करेगी।


