Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में उपमंडल नादौन की भद्रोल पंचायत के भलूं गांव में एक प्रवासी मजदूर की कथित तौर पर रैबीज से मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय ग्रामीणों में इस बीमारी के फैलने को लेकर भारी डर का माहौल बना हुआ है।
अधूरा इलाज और लापरवाही बनी मौत का कारण
मृतक मजदूर दर्शन कुमार को करीब दो महीने पहले एक पागल कुत्ते ने काट लिया था। उसने नजदीकी सरकारी अस्पताल जाकर प्राथमिक उपचार तो शुरू करवाया, लेकिन एंटी-रैबीज वैक्सीन का कोर्स अधूरा छोड़ दिया। डॉक्टरों के अनुसार वैक्सीन की खुराक पूरी न करने के कारण ही वायरस शरीर में फैल गया।
तीन दिन पहले अचानक दर्शन कुमार की तबीयत बिगड़ गई और वह अजीब हरकतें करने लगा। उसके साथी उसे नादौन अस्पताल ले गए, जहां से उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। टांडा अस्पताल पहुंचते ही उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने मानसिक असंतुलन के लक्षणों को रैबीज से जोड़ा है।
इस दुखद घटना के बाद मृतक के साथ काम करने वाले अन्य मजदूर अपने घरों को लौट गए हैं। इससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि वापस लौटे सभी मजदूरों को ट्रैक किया जाए ताकि संक्रमण का खतरा आगे न बढ़ सके।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश भारद्वाज ने मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र में विशेष अलर्ट जारी किया है। उन्होंने मृतक के सीधे संपर्क में आए सभी लोगों से तुरंत अस्पताल जाकर टीकाकरण करवाने की अपील की है। विभाग संदिग्ध मरीजों की तलाश के लिए छानबीन कर रहा है।

