Bhubaneswar News: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में सोमवार देर शाम एक बेहद भयानक सड़क हादसा हो गया। यहां के सैनिक स्कूल के पास एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों और वाहनों पर अपना कहर बरपाया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
इस दिल दहला देने वाले हादसे में दो मासूम लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं घटना में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक है।
चश्मदीदों के मुताबिक यह कार बेहद तेज गति से आ रही थी कि अचानक चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित कार ने सबसे पहले सड़क किनारे खड़े कई दोपहिया वाहनों और एक ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मारी और फिर सीधे चाय की दुकान में जा घुसी।
कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि दुकान के पास खड़े लोग संभल भी नहीं पाए और उसकी चपेट में आ गए। टक्कर के बाद वहां चीख-पुकार मच गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और कई मोटरसाइकिलें सड़क पर बिखर गईं।
हादसे के बाद लगा लंबा जाम, पुलिस जांच में जुटी
स्थानीय लोगों के अनुसार कार की चपेट में आने से कम से कम पांच मोटरसाइकिल और एक ऑटो रिक्शा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए एम्बुलेंस से अस्पताल भिजवाया।
इस भीषण सड़क हादसे के चलते मुख्य मार्ग पर काफी देर तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और लंबा जाम लग गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटाकर आवागमन को दोबारा सामान्य कराया।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि इस खौफनाक हादसे को अंजाम देने के बाद कार का चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस अब आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी चालक को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
Author: Manoj Patnaik


