Himachal News: हिमाचल प्रदेश के मंडी और बिलासपुर जिले की सीमा पर स्थित त्रिफालघाट क्षेत्र में नशे के खिलाफ बड़ा हंगामा हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों ने चिट्टा (नशीला पदार्थ) सेवन और तस्करी के आरोप में तीन युवकों को रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने कानून हाथ में लेकर तीनों युवकों की डंडों से जमकर पिटाई कर दी।
इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों में क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे नशे के अवैध कारोबार को लेकर भारी नाराजगी और आक्रोश है। ग्रामीण अब इस मामले में पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में क्या है
इस घटना से जुड़े तीन वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहे हैं। पहले वीडियो में ग्रामीण आरोपी युवकों को चारों तरफ से घेरे हुए दिख रहे हैं। इसके बाद लोग एक युवक को टांगों से खींचकर नीचे गिरा देते हैं। भीड़ उस पर टूट पड़ती है और बेल्ट तथा डंडों से लगातार वार करती है।
पिटाई के दौरान ग्रामीणों ने युवक की पैंट तक उतार दी और उसके शरीर पर बेरहमी से वार किए। इस दौरान लोग आरोपी से नशीले पदार्थ की लोकेशन पूछ रहे थे। पूछताछ के दौरान युवकों के पास से चिट्टे की कई पुड़ियां बरामद हुईं। अन्य वीडियो में तीनों युवक हाथ में पुड़ियां लिए नजर आ रहे हैं।
युवकों ने पूछताछ में किए कई चौंकाने वाले खुलासे
गुस्साए ग्रामीणों ने जब पकड़े गए युवकों से सख्त लहजे में पूछताछ की, तो नशा तस्करी से जुड़े कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। वायरल वीडियो में एक आरोपी युवक यह कबूल करता हुआ सुनाई दे रहा है कि उसने 500-500 रुपये के हिसाब से अब तक कुल 16 पुड़ियां बेची हैं।
आरोपी युवक ने बिलासपुर और मंडी जिले के कुछ अन्य स्थानीय युवाओं के नामों का भी जिक्र किया है, जिन्हें वह यह नशा सप्लाई करता था। इस खुलासे के बाद स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे नशा नेटवर्क की गहन जांच कर मुख्य आरोपियों को जेल भेजा जाए।
मामले पर पुलिस प्रशासन का क्या कहना है
इस पूरे मामले पर जब डीएसपी सरकाघाट संजीव कुमार गौतम से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि यह मामला अभी तक उनके आधिकारिक संज्ञान में नहीं आया है। उन्होंने संभावना जताई कि घटना स्थल की सीमा बिलासपुर के घुमारवीं क्षेत्र में हो सकती है, इसलिए मामला वहां दर्ज हो सकता है।
हालांकि, उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर अपने स्तर पर जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी और कानून हाथ में लेकर मारपीट करने, दोनों ही मामलों में कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Reported By: Sunita Gupta


