Patna News: बिहार में शराबबंदी कानून को लेकर सियासत और कार्रवाई दोनों तेज हो गई है। मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के मंत्री मदन सहनी द्वारा पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाने के ठीक अगले ही दिन बिहार पुलिस ने अपनी बड़ी कार्रवाई का पूरा लेखा-जोखा देश के सामने रख दिया है।
पुलिस मुख्यालय में आयोजित एक विशेष प्रेस वार्ता के दौरान डीआइजी अजय कुमार पांडेय ने सोमवार को मद्यनिषेध अभियान के आंकड़े जारी किए। उन्होंने बताया कि बिहार पुलिस ने इस साल मई 2026 तक महज पांच महीनों के भीतर करीब 201 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध शराब जब्त की है।
इस पूरी कार्रवाई में करीब 140 करोड़ 95 लाख रुपये की कुल 17.53 लाख लीटर शराब जिला पुलिस ने पकड़ी है। इसके अलावा 61 करोड़ रुपये मूल्य की 5.31 लाख लीटर अवैध शराब विशेष इकाई मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के स्तर से बरामद की गई है।
एंटी-नारकोटिक्स ब्यूरो ने पिछले साल के मुकाबले इस बार 24 प्रतिशत अधिक शराब बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पिछले वर्ष जहां प्रतिमाह औसतन 85 हजार लीटर शराब पकड़ी जा रही थी, वहीं इस साल यह आंकड़ा बढ़कर प्रतिमाह एक लाख छह हजार लीटर के पार पहुंच गया है।
अन्य राज्यों में घुसकर बड़े शराब माफियाओं को दबोचा
पुलिस मुख्यालय के आंकड़ों के अनुसार साल 2025 में पुलिस ने कुल 293 करोड़ रुपये की शराब पकड़ी थी। वहीं स्वापक ब्यूरो ने पिछले साल 118 करोड़ की शराब जब्त की थी। पुलिस केवल बिहार ही नहीं, बल्कि दूसरे राज्यों में जाकर भी बड़े नेटवर्क को लगातार ध्वस्त कर रही है।
पिछले साल राज्य के बाहर से 1236 कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया था, जिनमें 17 बहुत बड़े माफिया शामिल थे। वहीं इस साल मई तक बाहरी राज्यों से 569 तस्करों को जेल भेजा जा चुका है, जिनमें से पांच बड़े अंतरराज्यीय शराब माफियाओं को पुलिस ने उनके ठिकाने से दबोचा है।
शराब पीने और बेचने वाले दोनों पर कानून का कड़ा शिकंजा
बिहार में शराब का अवैध धंधा करने वालों के साथ-साथ इसका सेवन करने वालों को भी बख्शा नहीं जा रहा है। साल 2025 में मद्यनिषेध मामलों के तहत कुल 1,25,575 लोग पकड़े गए थे, जिनमें 48,780 तस्कर और 76,795 लोग शराब पीने के जुर्म में सलाखों के पीछे भेजे गए थे।
वहीं इस साल मई तक कुल 56,904 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस कार्रवाई में 19,877 शराब के मुख्य कारोबारी या सप्लायर हैं, जबकि 37,027 लोग शराब पीने के अपराध में पकड़े गए हैं। इस काले धंधे से अवैध संपत्ति बनाने वाले 127 लोगों की संपत्ति जब्ती की प्रक्रिया जारी है।
करोड़ों की स्पिरिट के साथ भारी मात्रा में मादक द्रव्य बरामद
पुलिस ने इस साल मई तक 38 हजार लीटर से अधिक अवैध स्पिरिट भी जब्त की है, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा एक लाख 31 हजार लीटर था। इसके साथ ही राज्य के अलग-अलग जिलों से 89 कुख्यात मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने इस साल अब तक 21,024 किलो गांजा, 54 किलो चरस और 51.9 किलो खतरनाक हेरोइन व स्मैक बरामद की है। इसके अतिरिक्त 1,758 किलो डोडा, करीब 60 किलो ओपियम, नौ लाख से अधिक प्रतिबंधित कैप्सूल और तीन लाख पैंतालीस हजार से ज्यादा नशीले इंजेक्शन भी जब्त किए हैं।
Author: Raj Thakur


