चंडीगढ़ गोलीकांड: बेनकाब हुए शूटरों के चेहरे, गोल्डी ढिल्लों ने ली जिम्मेदारी, क्या फिर दहलने वाली है ‘सिटी ब्यूटीफुल’?

Chandigarh News: सिटी ब्यूटीफुल के सेक्टर 11 में कुमार मेडिकल स्टोर के कैशियर जानकी दास की हत्या से सनसनी फैल गई है। वारदात को 24 घंटे बीत चुके हैं। इसके बावजूद चंडीगढ़ पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। पुलिस की कई टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।

इस हत्याकांड से जुड़े तीन शूटरों की बिना मास्क वाली तस्वीरें सामने आ गई हैं। यह तीनों आरोपी एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। आरोपियों ने वारदात के लिए चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने इस मोटरसाइकिल को लेजर वैली से बरामद कर लिया है।

जांच में मोटरसाइकिल का नंबर पूरी तरह फर्जी पाया गया है। विशेष तस्वीरों में तीनों शूटर बुड़ैल के खजेड़ी इलाके की एक गली से निकलते दिखाई दे रहे हैं। आरोपियों ने मर्डर करने के बाद एक दुकान से नए कपड़े खरीदे। उन्होंने वहीं कपड़े बदले और आराम से फरार हो गए।

वारदात के बाद गोल्डी ढिल्लों ने जारी किया धमकी भरा ऑडियो

सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि बदमाश काफी कन्फ्यूज थे। उन्होंने दो बार अपना रास्ता बदला। इसके बाद वे बस पकड़कर पंजाब की तरफ भाग गए। पुलिस ने टेक्निकल इंटेलिजेंस की मदद से उस दुकान के मालिक को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है।

इस बीच कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों का एक नया धमकी भरा ऑडियो सोशल मीडिया पर आया है। ऑडियो में उसने इस मर्डर की जिम्मेदारी ली है। उसने साफ कहा कि कुमार ब्रदर्स के काउंटर पर जो भी बैठेगा, उसका यही अंजाम होगा। उसने कारोबारियों को चेतावनी दी है।

चश्मदीदों के मुताबिक जब जानकी दास को गोली लगी, तो उन्हें रिक्शा में डालकर अस्पताल ले जाया गया। हालांकि उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। बदमाशों को पता था कि आगे पुलिस नाका है, इसलिए वे पहले ही रुककर पीछे की तरफ भाग निकले।

रंगदारी की कॉल्स से डरे व्यापारी, गवर्नर ने बुलाई हाई लेवल मीटिंग

रविवार को पुलिस ने सेक्टर 11 की मार्केट के दोनों तरफ सख्त नाकाबंदी कर दी है। शहर के चार से पांच बड़े कारोबारियों को विदेशी नंबरों से रंगदारी के फोन आए हैं। आरोपियों ने दुकानों को बम से उड़ाने की धमकी भी दी है। इससे व्यापारियों में दहशत है।

चंडीगढ़ पुलिस की 7 विंग्स इस समय पंजाब के कई जिलों में छापेमारी कर रही हैं। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां भी इस ऑपरेशन में शामिल हैं। बिगड़ते हालात को देखते हुए पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने वरिष्ठ अधिकारियों की आपात बैठक ली है।

मृतक जानकी दास हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रोहड़ू के रहने वाले थे। वे लंबे समय से इस मेडिकल स्टोर में बतौर कैशियर काम संभाल रहे थे। उनकी पत्नी ईना मच्छरेट ने हाल ही में अपने पैतृक गांव दलगांव से प्रधान का चुनाव जीता है।

Reported By: Raj Thakur

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories