महिला कर्मचारी के साथ कई बार रेप कर भागा रसूखदार उद्योगपति, पुलिस केस दर्ज होते ही रातों-रात बेची पूरी कंपनी

Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के बड़े इंडस्ट्रियल एरिया बद्दी में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक फैक्टरी के मालिक पर अपनी ही महिला स्टाफ का लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगा है। पुलिस एफआईआर दर्ज होने की खबर मिलते ही आरोपी उद्योगपति अपनी पूरी प्रॉपर्टी बेचकर फरार हो गया।

पति के बाहर जाते ही मालिक ने शुरू किया जुल्म

पीड़िता ने महिला थाने में दी अपनी शिकायत में कई दर्दनाक खुलासे किए हैं। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी अक्सर उस पर गंदी नजर रखता था। कुछ समय पहले जब महिला का पति अपने गृह राज्य बिहार गया हुआ था, तब कंपनी के मालिक ने उसकी लाचारी का फायदा उठाकर कई बार रेप किया।

महिला जब भी इस गलत हरकत का विरोध करती, तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देता था। नौकरी चले जाने के डर और समाज में बदनामी के खौफ से पीड़ित महिला महीनों तक यह प्रताड़ना चुपचाप सहती रही। पिछले महीने हिम्मत जुटाकर उसने अपने परिवार को पूरी बात बताई और पुलिस स्टेशन पहुंची।

मालिक की धमकियों से डरी पीड़िता ने मांगी सुरक्षा

आरोपी बेहद अमीर और रसूखदार इंसान है, जिसके चलते पीड़ित परिवार काफी डरा हुआ है। महिला ने पुलिस प्रशासन से अपनी और अपने पति की जान की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस अधिकारियों ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पीड़िता को पूरी सुरक्षा देने का भरोसा दिया है।

यूपी के बनारस में छिपे आरोपी के लिए दबिश तेज

मामले की पुष्टि करते हुए महिला थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी उद्योगपति अपनी कंपनी बेचकर उत्तर प्रदेश के बनारस में जाकर छिप गया है। बद्दी पुलिस की स्पेशल टीमें उत्तर प्रदेश रवाना हो चुकी हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Reported By: Raj Thakur

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories