Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के मशहूर टूरिस्ट प्लेस मनाली से एक बेहद शर्मनाक और हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां घूमने आई एक विदेशी महिला टूरिस्ट के साथ सरेआम बीच सड़क पर बदतमीजी और छेड़खानी की गई। यह पूरी वारदात वहां पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
इस घटना का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ‘द मॉडर्न हिमाचल’ नाम के एक पेज ने इस सीसीटीवी फुटेज को शेयर किया है। रिपोर्ट के मुताबिक यह पूरी घटना 4 जून 2026 की बताई जा रही है।
बीच सड़क पर खड़े लड़कों ने की गंदी हरकत
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक बड़ी इमारत के बाहर कुछ स्थानीय लड़कों का ग्रुप खड़ा है। ठीक इसी दौरान दो विदेशी टूरिस्ट वहां से पैदल गुजरते हैं। दोनों विदेशी पर्यटक जैसे ही उन स्थानीय युवकों के पास से आगे की तरफ निकलते हैं, तभी बड़ा हादसा होता है।
उन खड़े लड़कों में से एक युवक अचानक आगे बढ़ता है। वह विदेशी महिला टूरिस्ट को बेहद गलत तरीके से छूता है। अचानक हुई इस गंदी और अप्रत्याशित हरकत से विदेशी महिला बुरी तरह सहम जाती है। वह बिना कुछ बोले अपने साथी के साथ तुरंत आगे बढ़ जाती है।
सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा, पुलिस से मांग
इस वीडियो को इंटरनेट पर शेयर करते हुए पेज ने लिखा कि वह अपने दोस्त के साथ हिमाचल की खूबसूरत वादियों का आनंद लेने आई थी। लेकिन एक अजनबी की इस घटिया हरकत ने उसकी सुरक्षा के पूरे भरोसे को तोड़कर रख दिया है। लोग सोशल मीडिया पर गुस्से का इजहार कर रहे हैं।
इस वायरल पोस्ट में आगे लिखा गया कि इस तरह की इक्का-दुक्का घटनाएं पूरी दुनिया में भारत की छवि को भारी नुकसान पहुंचाती हैं। इस पोस्ट में हिमाचल प्रदेश पुलिस को भी टैग किया गया है। यूजर्स ने आरोपी लड़के के खिलाफ तुरंत सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेकर दिए जांच के आदेश
अब इस पूरे संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए मनाली के एसडीएम गुंजीत सिंह चीमा ने तुरंत जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। उन्होंने मीडिया को बताया कि वीडियो की सच्चाई का पता लगाया जा रहा है। जांच में घटना की पूरी पुष्टि होना अभी बाकी है।
एसडीएम ने भरोसा दिलाया कि यदि वीडियो सही पाया जाता है और संबंधित दोषी व्यक्ति की पहचान हो जाती है, तो उसके खिलाफ कानून के दायरे में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की टीमें भी आरोपी युवक का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में जुट गई हैं।
Author: Raj Thakur


