Shimla News: नाबालिग से छेड़छाड़ और ब्लैकमेल का मामला, विरोध प्रदर्शन के बाद आरोपी गिरफ्तार

Shimla News: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के संजौली इलाके में एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ और ब्लैकमेल का मामला सामने आया है। आरोप है कि उत्तर प्रदेश के दो युवकों ने लड़की का वीडियो बनाकर उसे परेशान किया। पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने दुकान पर बुलाकर उसे गलत तरीके से छूने की कोशिश भी की।

इस पूरे मामले ने शनिवार को तब तूल पकड़ लिया, जब पीड़िता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज होने के 24 घंटे बाद भी पुलिस ने किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया। इससे नाराज देवभूमि संघर्ष समिति के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और संजौली में चक्काजाम कर दिया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों को सड़क पर घुमाते हुए तत्काल पुलिस कार्रवाई की मांग की। इस दौरान नाबालिग पीड़िता ने भी मौके पर पहुंचकर कहा कि उसके साथ वीडियो बनाने और छेड़छाड़ करने वाले युवकों के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की जानी चाहिए।

हंगामे के बाद पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया

भारी विरोध प्रदर्शन के बाद संजौली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

समिति ने पुलिस पर सवाल उठाए

देवभूमि संघर्ष समिति के संयोजक विजय शर्मा ने कहा कि समिति ने पुलिस को 24 घंटे का समय दिया था, लेकिन कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि नाबालिगों से जुड़े गंभीर मामलों में पुलिस को तुरंत एक्शन लेना चाहिए। ऐसा न होने पर लोगों को खुद ही सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की धीमी कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि जब मामला नाबालिग से छेड़छाड़ का है, तो आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करना चाहिए था। देरी से लोगों का कानून व्यवस्था पर भरोसा कम होता है।

फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मामले में सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Author: Sunita Gupta

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories