Kerala News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पलक्कड़ में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने पारंपरिक वाद्य यंत्र ‘चेंडा’ बजाकर सभा की शुरुआत की। पीएम मोदी ने कहा कि इस बार केरल की फिजा बदल चुकी है। जनता ने पारंपरिक राजनीति को नकारने का मन बना लिया है। युवा, महिलाएं और किसान अब विकास की राजनीति पर भरोसा जता रहे हैं। बड़ी संख्या में उमड़ा जनसैलाब बता रहा है कि केरल अब एलडीएफ और यूडीएफ के चक्रव्यूह से बाहर निकलने को तैयार है।
LDF और UDF पर तीखा प्रहार, भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता से डरे
प्रधानमंत्रीमोदी ने एलडीएफ और यूडीएफ पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दलों ने दशकों तक बारी-बारी से सत्ता संभालकर राज्य को केवल नुकसान पहुंचाया है। मोदी ने कहा कि ये दल केरल में तो एक-दूसरे के खिलाफ दिखते हैं, लेकिन देश के अन्य हिस्सों में हाथ मिलाए नजर आते हैं। उनके मुताबिक, दोनों दल भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता से डरे हुए हैं क्योंकि उन्हें डर है कि भाजपा के सत्ता में आते ही पुराने भ्रष्टाचार की जांच होगी।
बलिदान को नमन, विकास का दिया भरोसा
पीएम मोदीने उन भाजपा कार्यकर्ताओं को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने राजनीतिक हिंसा में जान गंवाई। उन्होंने कहा कि आज जो बदलाव दिख रहा है, वह लाखों कार्यकर्ताओं के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। केंद्र सरकार ने केरल के लिए बजट में कई गुना वृद्धि की है। उन्होंने वादा किया कि यदि राज्य में एनडीए की सरकार बनती है, तो विकास की रफ्तार दोगुनी कर दी जाएगी। पीएम ने कहा कि एनडीए केवल चुनाव लड़ने नहीं, बल्कि सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में है। उनका लक्ष्य केरल के लोगों के सपनों को नई उड़ान देना है।


