भीषण गर्मी के बीच मौसम का यू-टर्न: दिल्ली-यूपी में भारी बारिश और ओलावृष्टि, उफनते पानी में बहीं गाड़ियां!

Weather News: कई दिनों की भीषण गर्मी और जानलेवा लू से परेशान उत्तर भारत के लोगों के लिए गुरुवार की शाम बड़ी राहत लेकर आई। नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राजधानी दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश हुई।

मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में गर्मी से बड़ी राहत मिलने की भविष्यवाणी की है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आगामी दो से तीन दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में छह से आठ डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है।

आज भी दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश होने की पूरी संभावना है। मौसम विभाग ने आगामी 31 मई तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई स्थानों पर धूलभरी आंधी और तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।

उत्तर प्रदेश के 43 जिलों में रेड अलर्ट

मौसम में आ रहे इस बड़े बदलाव को देखते हुए उत्तर प्रदेश के 43 जिलों में तेज आंधी और तूफान का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इससे पहले गुरुवार को दिल्ली में पारा 45 डिग्री, यूपी के बांदा में 47.5 डिग्री और राजस्थान के श्रीगंगानगर में तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस रहा था।

हरियाणा के चरखी दादरी और रेवाड़ी में तेज बारिश के साथ भीषण ओलावृष्टि दर्ज की गई। वहीं नूंह में तेज आंधी के कारण दीवार और मकान गिरने से दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है।

उत्तर प्रदेश के बदायूं और मुरादाबाद में भी भारी बारिश के साथ जमकर ओले गिरे। आंधी के कारण कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। देर रात राजधानी लखनऊ और आसपास के जिलों में भी ठंडी हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई।

उत्तराखंड और हिमाचल में ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत में भारी ओलावृष्टि से फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। कत्यूर घाटी में बड़े ओले गिरने से कई वाहनों के शीशे टूट गए। हालांकि, इस बारिश से पहाड़ी जंगलों में धधक रही भीषण आग पूरी तरह बुझ गई है।

हिमाचल प्रदेश के पांच प्रमुख जिलों कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर में मौसम विभाग ने ओले गिरने और बिजली कड़कने की ऑरेंज चेतावनी जारी की है। वहीं पश्चिम बंगाल के कलिम्पोंग में भारी जलभराव के कारण सड़कों पर खड़ी स्कूटी और साइकिलें पानी में बह गईं।

दिल्ली में खराब मौसम के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आने वाली 11 उड़ानों को जयपुर और लखनऊ डायवर्ट किया गया। इसी बीच बेंगलुरु से दिल्ली जा रहे एअर इंडिया के विमान में एक यात्री की तबीयत बिगड़ने के कारण लखनऊ एयरपोर्ट पर मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

Author: Shilla Bhatia

Hot this week

Related Articles

Popular Categories