Business News: जून महीने की पहली तारीख से देश के आम नागरिकों की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कई महत्वपूर्ण नियम बदलने जा रहे हैं। एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों से लेकर एटीएम, यूपीआई पेमेंट, पैन कार्ड और रेलवे के सफर तक कई बड़े अपडेट सामने आ चुके हैं, जिनका सीधा असर आपकी जेब पर पड़ेगा।
हर महीने की पहली तारीख की तरह तेल कंपनियां एक जून को भी एलपीजी गैस सिलेंडर के नए रेट जारी करेंगी। पिछले महीने कमर्शियल सिलेंडर महंगा होकर नई दिल्ली में 3,071.50 रुपये पर पहुंच गया था। अब आम जनता की नजरें घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की नई कीमतों पर टिकी हुई हैं।
एटीएम से बार-बार कैश निकालना पड़ेगा महंगा
जून की शुरुआत से कुछ बड़े बैंक अपने एटीएम ट्रांजैक्शन के नियमों में बड़ा बदलाव करने जा रहे हैं। इसके तहत मुफ्त ट्रांजैक्शन की सीमा, कैश निकासी की डेली लिमिट और अतिरिक्त चार्ज को बदला जा सकता है। इसलिए उपभोक्ताओं को अतिरिक्त फीस से बचने के लिए सतर्क रहना होगा।
UPI पेमेंट में खत्म होगा धोखाधड़ी का खेल
ऑनलाइन पेमेंट करने वालों के लिए एक बेहतरीन सुरक्षा अपडेट आ रहा है। अब यूपीआई से पैसे ट्रांसफर करते समय स्क्रीन पर वही नाम दिखेगा, जो सामने वाले व्यक्ति के बैंक खाते में रजिस्टर्ड है। इस नए नियम से गलत नंबर पर पैसा भेजने और फर्जीवाड़ा होने का खतरा पूरी तरह खत्म हो जाएगा।
प्रॉपर्टी बाजार में पैन कार्ड की लिमिट दोगुनी
आयकर विभाग ने पैन कार्ड से जुड़े नियमों में बड़ा राहत भरा बदलाव किया है। अब प्रॉपर्टी की खरीद-बिक्री में पैन कार्ड की अनिवार्यता सीमा दस लाख रुपये से बढ़ाकर सीधे बीस लाख रुपये कर दी गई है। हालांकि, 45 लाख रुपये से ऊपर के सौदों और गिफ्ट डीड के लिए पैन देना अनिवार्य रहेगा।
इसके साथ ही साल में दस लाख रुपये से ज्यादा की नकद निकासी पर विभाग की कड़ी नजर रहेगी। जिन लोगों के पास पैन कार्ड नहीं है, उन्हें अब पुराने फॉर्म-60 की जगह बिल्कुल नया फॉर्म-97 भरना होगा। इसके अलावा कई बैंक अपनी एफडी और सेविंग अकाउंट की ब्याज दरें भी बदल सकते हैं।
रेलवे ब्लॉक के कारण 77 ट्रेनें पूरी तरह रद्द
जून में रेल यात्रा करने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। भारतीय रेलवे ट्रैक अपग्रेडेशन के लिए बड़ा मेगा ब्लॉक लेने जा रहा है, जिससे करीब 77 ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी। इसका सबसे ज्यादा असर मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और पश्चिम बंगाल की सुपरफास्ट और दूरंतो ट्रेनों पर पड़ेगा।
सब्सिडी वाले सोलर पैनल होंगे थोड़े महंगे
घर की छत पर सरकारी सब्सिडी से सोलर पैनल लगवाने वालों के लिए एएलएमएम के नए नियम एक जून से बेहद सख्त हो रहे हैं। अब सब्सिडी वाले प्रोजेक्ट्स में सिर्फ सरकार की अप्रूव्ड लिस्ट वाले सोलर पैनल्स का ही इस्तेमाल होगा। इससे शुरुआत में खर्च थोड़ा बढ़ेगा, लेकिन बेहतरीन क्वालिटी मिलेगी।
Author: Rajesh Kumar


