ट्रंप के करीबियों ने संभाला मोर्चा: क्या पाकिस्तान बनेगा अमेरिका-ईरान के बीच ‘शांति का दूत’?

Pakistan News: मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच अमेरिका और ईरान को एक मंच पर लाने की कूटनीतिक कोशिशें तेज हो गई हैं। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने पाकिस्तान पहुंचकर वहां के शीर्ष नेतृत्व के साथ बेहद महत्वपूर्ण बैठकें की हैं। उन्होंने पाकिस्तानी मध्यस्थों को अपनी कड़ी शर्तें सौंप दी हैं, जिन पर अब वाशिंगटन को फैसला लेना है। इस कूटनीतिक हलचल के बीच ईरान ने तेहरान इंटरनेशनल पोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें दोबारा शुरू करके सामान्य स्थिति बहाली के संकेत दिए हैं।

इस्लामाबाद में हाई-प्रोफाइल बैठकों का दौर

ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने शनिवार को सबसे पहले पाकिस्तान के सैन्य प्रमुख आसिम मुनीर से मुलाकात की। इसके तत्काल बाद उन्होंने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ द्विपक्षीय और क्षेत्रीय सुरक्षा मुद्दों पर लंबी चर्चा की। पाकिस्तान इन दिनों दोनों देशों के बीच सेतु का काम कर रहा है। अराघची का यह दौरा उस समय हुआ है जब क्षेत्र में शांति बहाली के लिए अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ रहा है। पाकिस्तान की भूमिका इस मध्यस्थता में काफी निर्णायक मानी जा रही है।

ट्रंप की ‘कोर टीम’ की एंट्री से बदला समीकरण

अमेरिका की ओर से इस वार्ता को गंभीर बनाने के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सबसे भरोसेमंद सिपहसालारों को मैदान में उतारा है। ट्रंप के करीबी विटकॉफ और कुशनर इस बातचीत में शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं। हालांकि, पिछले दौर की वार्ता का नेतृत्व करने वाले उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को फिलहाल स्टैंडबाय पर रखा गया है। ट्रंप प्रशासन का सीजफायर को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ाने का फैसला ही दूसरे दौर की इस बातचीत का मुख्य आधार बना है।

ईरान का रुख: शांति की चाहत लेकिन सीधी बात नहीं

ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाक़ाई ने साफ किया है कि यह दौरा शांति बहाली के प्रयासों का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि अराघची का उद्देश्य अमेरिका द्वारा थोपे गए युद्ध को समाप्त करना और क्षेत्र में स्थिरता लाना है। हालांकि, उन्होंने एक महत्वपूर्ण बात यह भी कही कि फिलहाल ईरान और अमेरिका के बीच किसी सीधी मुलाकात की योजना नहीं है। सारा संवाद पाकिस्तानी मध्यस्थों के माध्यम से ही आगे बढ़ाया जाएगा। इस्लामाबाद में सुरक्षा व्यवस्था को काफी कड़ा कर दिया गया है।

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories