‘मैं सांस नहीं ले पा रहा…’ ब्रिटिश पुलिस के सामने तड़पता रहा छात्र, कातिल की झूठी कहानी ने चौंकाया

UK News: ब्रिटेन के साउथैम्प्टन से एक दिल दहलाने वाला वीडियो सामने आया है। यहां पुलिस की बड़ी लापरवाही देखने को मिली है। 18 साल के छात्र हेनरी नोवाक सड़क पर तड़पते रहे। उन्होंने कहा कि उन्हें चाकू मारा गया है। पुलिस ने दर्द को अनसुना कर दिया और आरोपी विक्रम डिगवा की झूठी कहानी पर भरोसा कर लिया।

वायरल बॉडीकैम फुटेज पिछले साल दिसंबर का बताया जा रहा है। वीडियो में हेनरी पीठ के बल लेटे हैं और गहरी सांस ले रहे हैं। वह बार-बार कराहते हुए कहते हैं कि वह सांस नहीं ले पा रहे हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि पुलिस अधिकारी उन्हें हथकड़ी पहनाते नजर आ रहे हैं।

पुलिस ने हत्यारे को माना पीड़ित

हेनरी पुलिस से लगातार चाकू लगने की बात कहते रहे। एक पुलिस अधिकारी ने उनकी बात टालते हुए कहा कि उसे नहीं लगता कि चाकू लगा है। पास ही मौजूद 23 साल का आरोपी विक्रम डिगवा पुलिस को गुमराह कर रहा था। पुलिस ने उसकी झूठी कहानी मानकर उसे ही असली पीड़ित समझ लिया था।

भारतीय मूल के डिगवा ने पुलिस से झूठ बोला था। उसने दावा किया कि हेनरी ने उस पर नस्लवादी टिप्पणी की है। उसने अपनी पगड़ी गिराने का भी झूठा आरोप लगाया था। साउथेम्प्टन क्राउन कोर्ट में सुनवाई के दौरान जज विलियम माउसली ने इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया। हेनरी यूनिवर्सिटी के छात्र थे।

विक्रम डिगवा को मिली उम्रकैद

अदालत ने आरोपी विक्रम डिगवा को हत्या का दोषी करार दिया है। जज ने उसे आजीवन कारावास की सख्त सजा सुनाई है। इस फैसले के तहत उसे कम से कम 21 साल जेल की सलाखों के पीछे बिताने होंगे। यह घटना पूरे सिख समुदाय के लिए भी चिंता का विषय बन गई है।

ब्रिटेन में धार्मिक कारणों से सिखों को कृपाण रखने की छूट है। लेकिन डिगवा के पास आठ इंच लंबा खंजर मौजूद था। उसने इसी खतरनाक खंजर से हेनरी की हत्या की थी। जज ने टिप्पणी की कि इस भयानक वारदात के कारण अब निर्दोष सिख लोग भी काफी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

ब्रिटेन में भड़का लोगों का गुस्सा

इस फैसले के बाद साउथैम्प्टन की सड़कों पर सैकड़ों लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने ‘मैं सांस नहीं ले पा रहा हूं’ के नारे लगाए। रिफॉर्म यूके पार्टी के नेता नाइजेल फाराज ने पुलिस पर सवाल उठाए। उन्होंने इस मामले को दोहरे पुलिसिंग सिस्टम का सबसे खराब उदाहरण बताया।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने भी इस घटना और वायरल वीडियो पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मामले की पूरी जांच की मांग की है। वहीं, गृह सचिव शबाना महमूद ने पुलिसिंग के अलग-अलग मानकों की बातों को खारिज किया। उन्होंने आम जनता से शांति बनाए रखने की खास अपील की है।

ब्रिटेन में बढ़ते चाकूबाजी के मामलों ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। इसी बीच, मारे गए छात्र हेनरी के पिता मार्क नोवाक ने एक भावुक बयान दिया है। उन्होंने जनता से अपील की है कि उनके बेटे की मौत को नफरत फैलाने का हथियार न बनाया जाए। इसके बजाय सड़कों को सुरक्षित बनाया जाए।

Author: Pallavi Sharma

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories