USA News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रविवार को 80 साल के हो गए हैं। वह अपनी जन्मतिथि का सेलिब्रेशन बेहद अनोखे और हैरान करने वाले अंदाज में कर रहे हैं। इसके लिए रविवार रात व्हाइट हाउस के ऐतिहासिक साउथ लॉन में अल्टीमेट फाइटिंग चैंपियनशिप ‘केज मैच’ का भव्य आयोजन कराया गया है।
इस अभूतपूर्व आयोजन पर छह करोड़ डॉलर से अधिक की भारी-भरकम रकम खर्च की गई है। इस विशाल सेटअप को तैयार करने में हजारों घंटे की कड़ी मेहनत लगी है। राष्ट्रपति ट्रंप इस खूनी मैच का पूरा आनंद ले सकें, इसके लिए जी7 समिट (G7 Summit) की तारीख तक में बदलाव कर दिया गया।
‘द क्लॉ’ एरिना में गूंजेगी फाइटर्स की दहाड़
इस ऐतिहासिक एरिना में ‘फ्रीडम 250’ बैनर के तहत कुल सात हाई-प्रोफाइल फाइट्स होनी निर्धारित की गई हैं। यह अनोखा आयोजन अमेरिका की आजादी की 250वीं सालगिरह के उपलक्ष्य में और ट्रंप के 80वें जन्मदिन के मौके पर आयोजित हो रहा है। इसमें कैबिनेट के कई बड़े नेता शामिल हो रहे हैं।
प्रशासन के बड़े अधिकारियों और रिपब्लिकन सांसदों के साथ 4,000 से अधिक विशिष्ट दर्शक इस मैच के गवाह बनेंगे। ये सभी दर्शक “द क्लॉ” के नीचे बने एक बड़े अस्थायी एरिना में मौजूद रहेंगे। “द क्लॉ” एक विशाल स्पेसशिप जैसा दिखने वाला मेटल का आर्च है, जिसमें अत्याधुनिक लाइट और साउंड लगे हैं।
आलोचकों के निशाने पर ट्रंप का बर्थडे बैश
इस विशाल आर्च में बहुत बड़ी-बड़ी डिजिटल स्क्रीन भी लगाई गई हैं। इसके अलावा व्हाइट हाउस के पास स्थित एलिप्स मैदान में भी विशाल स्क्रीन की व्यवस्था की गई है, ताकि हजारों अन्य लोग इस पूरी फाइट को लाइव देख सकें। इस आयोजन को लेकर वाशिंगटन के राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा है।
राष्ट्रपति ने इस पूरे इवेंट को अमेरिका की आजादी की 250वीं सालगिरह के राष्ट्रीय जश्न से जोड़ने की पूरी कोशिश की है। लेकिन आलोचकों का मानना है कि यह आयोजन असल में खुद की जन्मतिथि को भव्य रूप से सेलिब्रेट करने पर अधिक केंद्रित है। इस खूनी खेल को लेकर ट्रंप की आलोचना भी हो रही है।
Author: Pallavi Sharma


