Lifestyle News: खट्टा-मीठा और बेहद जूसी अनानास सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। अमूमन लोग सोचते हैं कि इस ट्रॉपिकल फ्रूट को घर में उगाना नामुमकिन है। लेकिन आप बहुत ही आसान तरीके से अपने घर के गमले में बिना एक भी पैसा खर्च किए अनानास का शानदार पौधा उगा सकते हैं।
इसके लिए आपको बाजार से न तो महंगे बीज खरीदने की जरूरत है और न ही किसी प्रकार की कलम लगाने की आवश्यकता है। आप सिर्फ अनानास के ऊपरी हिस्से यानी ‘क्राउन’ का इस्तेमाल करके नया पौधा तैयार कर सकते हैं। यह पौधा सही देखभाल मिलने पर 15 से 20 सालों तक फल दे सकता है।
क्राउन से ऐसे तैयार करें पौधे की जड़
घर में अनानास उगाने के लिए सबसे पहले बाजार से लाए गए पके हुए अनानास के ऊपरी पत्तों वाले हिस्से (क्राउन) को हाथ से घुमाकर अलग कर लें। ध्यान रखें कि इसके लिए चाकू का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं करना है। इसके बाद क्राउन के निचले हिस्से की तीन से चार परतों की पत्तियों को साफ कर लें।
पत्तियां हटाने के बाद क्राउन को दो दिनों के लिए सूखने के लिए छोड़ दें। इसके बाद एक कांच के जार को पानी से भरकर उसमें इस क्राउन का निचला हिस्सा डुबोकर रख दें। करीब दो से तीन हफ्ते के भीतर आप देखेंगे कि जार के अंदर क्राउन से सुंदर जड़ें निकल आई हैं।
पौधे के लिए बनाएं परफेक्ट मिट्टी
अनानास के पौधे की बेहतर ग्रोथ के लिए सही मिट्टी का होना बेहद जरूरी है। इसके लिए 30 प्रतिशत सामान्य बगीचे की मिट्टी, 30 प्रतिशत वर्मीकंपोस्ट या गोबर की खाद, 20 प्रतिशत रेत (बालू) और 20 प्रतिशत कोकोपीट को आपस में अच्छी तरह मिला लें। इसमें थोड़ी सी नीम की खली भी जरूर डालें।
इस शानदार पौधे को रोपने के लिए कम से कम 12 से 13 इंच गहरा और चौड़ा गमला चुनें। गमले में तैयार मिट्टी भरकर बीच में गड्ढा करें और जड़ वाले क्राउन को सावधानी से लगा दें। शुरुआत में हल्का पानी दें और मिट्टी को ज्यादा टाइट न दबाएं।
इन जरूरी बातों का रखें विशेष ध्यान
पौधा लगाने के बाद उसे करीब एक हफ्ते तक सीधी धूप से बचाकर छायादार जगह पर रखें। जब पौधा मिट्टी पकड़ ले, तब इसे ऐसी जगह शिफ्ट करें जहां भरपूर धूप आती हो। अनानास लगाने के लिए बारिश का मौसम सबसे उत्तम माना जाता है क्योंकि हवा की प्राकृतिक नमी इसे तेजी से बढ़ने में मदद करती है।
सामान्य तौर पर अनानास का पौधा फल देने में डेढ़ से दो साल का समय लेता है। लेकिन अगर आप “क्वीन” या “मॉरीशस” जैसी उन्नत किस्में उगाते हैं, तो महज 12 से 14 महीने में ही फल आने लगते हैं। एक पौधे से सीजन में एक ही फल मिलता है, इसलिए लगातार फल पाने के लिए 4-5 गमले तैयार करें।
Author: Karuna Sen


