World News: संयुक्त राष्ट्र (UN) में शुक्रवार को सार्वजनिक सुनवाई के दौरान कूटनीतिक मर्यादाएं पूरी तरह तार-तार हो गईं। इजरायल के राजदूत और बच्चों एवं सशस्त्र संघर्ष के लिए संयुक्त राष्ट्र महासचिव की विशेष प्रतिनिधि के बीच तीखी बहस हुई। दोनों के बीच मंच पर ही जमकर नोकझोंक देखने को मिली।
इजरायली दूत ने की यूएन अधिकारी के इस्तीफे की मांग
संघर्ष में यौन हिंसा उन्मूलन के अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर न्यूयॉर्क में एक बैठक आयोजित की गई थी। इस हाई-प्रोफाइल बैठक में इजरायली दूत डैनी डैनन ने संयुक्त राष्ट्र की वरिष्ठ अधिकारी प्रमिला पैटन के इस्तीफे की मांग कर डाली। पैटन ने हाल ही में इजरायल के खिलाफ एक विवादित रिपोर्ट तैयार की थी।
प्रमिला पैटन की इस रिपोर्ट में कथित दुर्व्यवहार के लिए पहली बार इजरायल को ब्लैकलिस्ट किया गया था। डैनन ने पैटन पर कड़ा प्रहार करते हुए उन पर पूरी तरह पक्षपात करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आप इजरायल को निशाना बनाने के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के जुनून के आगे झुक गईं।
वैनेसा फ्रेजियर के हस्तक्षेप पर भड़के डैनी डैनन
डैनन के इस तीखे बयान के बीच संयुक्त राष्ट्र की एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी वैनेसा फ्रेजियर ने जोर से ‘पॉइंट ऑफ ऑर्डर’ चिल्लाते हुए हस्तक्षेप किया। वैनेसा ने डैनन से व्यक्तिगत हमलों से बचने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके पास इजरायल के खिलाफ पूरी तरह सत्यापित सबूत मौजूद हैं।
इस हस्तक्षेप पर पलटवार करते हुए डैनी डैनन ने फ्रेजियर को सरेआम चुप रहने को कह दिया। उन्होंने बेहद कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हम एक सदस्य देश हैं और आप यूएन के लिए काम करती हैं। इसलिए अब आप चुप रहेंगी। आप और आपकी यह शर्मनाक रिपोर्ट दोनों चुप रहें।
इजरायल और हमास दोनों को किया गया है ब्लैकलिस्ट
माल्टा की पूर्व यूएन राजदूत रहीं वैनेसा फ्रेजियर ने इसी हफ्ते महासचिव गुटेरेस की ओर से अपनी रिपोर्ट जारी की थी। इस रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि बच्चों के खिलाफ उल्लंघनों के लिए इजरायली सेटलर्स को भी ग्लोबल ब्लैकलिस्ट में शामिल किया जा सकता है। रिपोर्ट में फिलिस्तीनी बच्चों की स्थिति पर चिंता जताई गई है।
कथित उल्लंघनों के लिए इजरायल खुद पहले से ही उस रिपोर्ट की ‘शर्म की सूची’ वाले अनुलग्नक में शामिल है। हालांकि, इन दोनों ही रिपोर्टों में इजरायल के साथ उसके कट्टर दुश्मन हमास को भी ब्लैकलिस्ट किया गया है। इजरायल ने यूएन प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस के साथ सभी संबंध तोड़ने की कसम खाई है।
Author: Pallavi Sharma


