Delhi News: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ईरान और अमेरिका के बीच सैन्य टकराव के कारण तनाव बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान द्वारा किए गए एक ताजा हमले में जहाज पर तैनात एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है, जबकि छह अन्य भारतीय घायल हुए हैं।
ईरान ने मंगलवार तड़के संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के झंडे वाले दो तेल टैंकरों को निशाना बनाया। ओमान के समुद्री क्षेत्र में हुए इस हमले में ‘मोंबासा’ और ‘बाहिया’ नाम के जहाजों पर क्रूज मिसाइलें दागी गईं। हमले में एक भारतीय की मौत के अलावा कुल आठ लोग घायल हुए हैं।
मिसाइल हमले में दो जहाजों में लगी भीषण आग
रिपोर्ट्स के मुताबिक, घायल होने वालों में छह भारतीयों के अलावा यूक्रेन के दो नागरिक भी शामिल हैं। क्रूज मिसाइल हमले के कारण दोनों जहाजों को भारी नुकसान पहुंचा और उनमें भीषण आग लग गई। यूएई ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए ईरान को अंतरराष्ट्रीय कानूनों के उल्लंघन का दोषी ठहराया है।
यूएई ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि वह आत्मरक्षा के लिए ईरान को माकूल जवाब देगा। दूसरी ओर, ईरान के सरकारी टीवी चैनल ने दावा किया है कि वे केवल गलत रास्ते से जाने वाले जहाजों और दुश्मन देश अमेरिका के जहाजों को ही निशाना बना रहे हैं।
अमेरिका ने ईरान के 140 ठिकानों पर की बमबारी
यह ताजा विवाद तब शुरू हुआ जब अमेरिका ने रविवार और सोमवार को ईरान पर भीषण हवाई हमले किए। अमेरिकी सेना ने ईरान के लगभग 140 सैन्य ठिकानों को तबाह कर दिया। इसके जवाब में ईरान ने भी कुवैत, कतर और यूएई में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डों पर बमबारी की कोशिश की।
अमेरिका ने ईरान के बंदर अब्बास, केश्म द्वीप और पेट्रोलियम उद्योग के केंद्र खुजेस्तान प्रांत के अहवाज और अंदीमेश्क शहरों पर हमले किए हैं। इस युद्ध जैसी स्थिति के कारण वैश्विक बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में भारी उछाल आया है। वहीं, अमेरिका के हथियार भंडार पर भी संकट गहराने लगा है।

