Delhi News: पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर भारत के मौसम में अचानक बड़ा बदलाव आया है। उत्तर प्रदेश और बिहार में गुरुवार को आई तेज आंधी, बारिश और वज्रपात ने भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा के कारण दोनों राज्यों में कुल 16 लोगों की मौत हो गई है।
बिहार में वज्रपात की चपेट में आने से सबसे ज्यादा 10 लोगों की जान चली गई। वहीं, एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित 10 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर समेत देश के 16 राज्यों में भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश में वज्रपात और हादसों में मौतें
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बिगड़ गया। देवरिया में आकाशीय बिजली गिरने से एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उरई के कोटरा क्षेत्र में अपने मवेशी चरा रहे 32 वर्षीय युवक गोविंद की भी वज्रपात की चपेट में आने से जान चली गई।
अलीगढ़ में तेज आंधी के दौरान एक सीमेंट फैक्ट्री का भारी बैरियर सुरक्षा गार्ड पर गिर गया। इस हादसे में गार्ड की मौके पर ही मौत हो गई। बरेली में भी तेज हवाओं के कारण एक घर पर लगा सोलर पैनल गिर गया, जिससे घायल व्यक्ति ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
बिहार के कई जिलों में आकाशीय बिजली का कहर
बिहार में खगड़िया जिले के पांच लोगों की मौत वज्रपात से हुई है। मधेपुरा के परेल गांव में खेत में काम कर रहे शंभू मंडल और उनकी पत्नी कविता देवी की बिजली गिरने से मौत हो गई। भागलपुर, सहरसा, भोजपुर और जमुई में भी एक-एक व्यक्ति की जान गई है।
सरस्वती नगर गांव में खेत में काम करते समय वज्रपात हुआ, जिससे एक किसान की मौत हो गई और 10 लोग झुलस गए। भोजपुर के कौंरा गांव में आंधी के दौरान एक टिन शेड उड़कर अंगूरा देवी के ऊपर गिर गया, जिससे उनकी मलबे में दबकर मौत हो गई।
16 राज्यों में मौसम विभाग का ‘येलो और ऑरेंज अलर्ट’
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश और झारखंड सहित 16 राज्यों में अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड में अंधड़ और ओलावृष्टि की आशंका के चलते चारधाम यात्रियों को मौसम देखकर यात्रा करने की सलाह दी गई है।
हिमाचल प्रदेश के रोहतांग, कुंजुम और बारालाचा में ताजा हिमपात दर्ज किया गया है, जिससे तापमान में भारी गिरावट आई है। हालांकि, ऊना जिला अब भी 44 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ भीषण लू की चपेट में है। जम्मू-कश्मीर में दोपहर बाद तेज आंधी और ओलावृष्टि से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
पंजाब में आंधी-बारिश से रेल यातायात प्रभावित
पंजाब के जालंधर, कपूरथला और अमृतसर में गुरुवार देर शाम आंधी के साथ मूसलाधार बारिश हुई। अमृतसर के पास रेलवे ट्रैक पर एक विशाल पेड़ गिरने के कारण दिल्ली-अमृतसर रेल मार्ग पूरी तरह ठप हो गया। इसके चलते आधा दर्जन से अधिक ट्रेनों को बीच में ही रोकना पड़ा।
रेलवे प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए करीब पौने घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक से पेड़ को हटाया। रात सवा आठ बजे ट्रैक साफ होने के बाद ही रेल यातायात को दोबारा बहाल किया जा सका। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम का यह रूप जारी रह सकता है।
Author: Harikarishan Sharma


