Himachal Pradesh News: देवभूमि हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। राज्य की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ है। वहीं राजधानी शिमला, कुफरी, मशोबरा और किन्नौर सहित कई इलाकों में भारी ओलावृष्टि दर्ज की गई है। इससे सेब की नकदी फसलों को भारी नुकसान हुआ है।
सोमवार सुबह राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी धूप खिली थी। हालांकि दोपहर बाद अचानक आसमान में काले बादल छा गए। इसके तुरंत बाद तेज आंधी के साथ भारी ओलावृष्टि और मूसलाधार वर्षा शुरू हो गई। इस अचानक हुए बदलाव से पूरे प्रदेश में कड़ाके की ठंड लौट आई है।
जानिए कहां कितनी मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को कुफरी में रिकॉर्ड 31 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा सुंदरनगर में 18, शिमला में 12, कांगड़ा में 11 और मंडी में 5 मिलीमीटर पानी बरसा है। इस भारी बर्फबारी और वर्षा के कारण दिन के अधिकतम तापमान में दो डिग्री तक की गिरावट आई है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अपने ताजा वेदर बुलेटिन में नया अलर्ट जारी किया है। वैज्ञानिकों के मुताबिक आगामी चार दिनों तक पूरे सूबे में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। इस दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर बर्फीला तूफान और तेज वर्षा होने की संभावना है।
इस साल मानसून में सामान्य से कम पानी बरसने का अनुमान
मौसम विभाग के अधिकारियों ने इस साल मानसून सीजन को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। इस बार राज्य में सामान्य से करीब 10 से 15 फीसदी कम वर्षा होने का अनुमान है। हालांकि जनजातीय क्षेत्र किन्नौर, लाहुल स्पीति और चंबा जिलों में सामान्य से अधिक पानी बरस सकता है।
पहाड़ी इलाकों में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री का बड़ा उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। बिलासपुर के पारे में 4 डिग्री और मनाली में 2.6 डिग्री की बड़ी गिरावट आई है। दूसरी तरफ कांगड़ा में चार डिग्री, नेरी में तीन डिग्री और पालमपुर में 2 डिग्री की बढ़त हुई है।
हिमाचल के प्रमुख शहरों का नया तापमान रिकॉर्ड
स्थानीय मौसम केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार प्रमुख शहरों का न्यूनतम और अधिकतम तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया है। शिमला में न्यूनतम 15.0 और अधिकतम 24.4 डिग्री रहा। वहीं सुंदरनगर में 18.5 और 32.7, जबकि भुंतर में पारा 15.2 और 33.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
इसके अलावा जनजातीय क्षेत्र कल्पा में रात का तापमान 8.6 और दिन का 22.3 डिग्री दर्ज हुआ। धर्मशाला में न्यूनतम 16.8 और अधिकतम 30.0, कांगड़ा में 20.1 और 32.0, ऊना में 18.0 और 35.6, नाहन में 18.9 और 31.6, केलंग में 4.4 और 19.6 तथा सोलन में 16.4 और 30.0 डिग्री रहा।
Reported By: Shilla Bhatia


