Delhi News: दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को भी उमस भरी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहा। राजधानी के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। हवा में भारी नमी के कारण दिल्ली का हीट इंडेक्स यानी महसूस होने वाला तापमान 48 डिग्री से भी ऊपर चला गया, जिसने लोगों को बेहाल कर दिया।
गर्मी का टॉर्चर और प्रमुख इलाकों का हाल
बुधवार को दिल्ली का आधिकारिक अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सफदरजंग के मुकाबले पालम और रिज क्षेत्र सबसे ज्यादा गर्म दर्ज किए गए। इन दोनों वेदर स्टेशनों पर पारा 43.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से तीन डिग्री से भी ज्यादा अधिक है।
इससे पहले मंगलवार रात को हुई अचानक बारिश की वजह से बुधवार सुबह की शुरुआत अपेक्षाकृत काफी ठंडी रही थी। दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.3 डिग्री कम यानी 22.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, हवा में नमी का अधिकतम स्तर 84 प्रतिशत और न्यूनतम 29 प्रतिशत दर्ज किया गया है।
70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बृहस्पतिवार के लिए दिल्ली-एनसीआर में आसमान में घने बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। विभाग के मुताबिक, आज गरज-चमक के साथ तेज धूल भरी आंधी चलने की पूरी संभावना है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिसके साथ हल्की बारिश भी होगी।
मौसम के इन बदले तेवरों को देखते हुए मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ (Orange Alert) जारी किया है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। शुक्रवार को भी मौसम ऐसा ही रहेगा, जिसके लिए विभाग ने ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।
साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण बदला मौसम का मिजाज
स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने इस मौसमी बदलाव की मुख्य वजह बताई है। उनके अनुसार, मध्य पाकिस्तान और उसके आसपास के क्षेत्रों में इस समय एक मजबूत साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसी सिस्टम के असर से पूरे उत्तर-पश्चिम भारत में तेज हवाएं चल रही हैं।
मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि बृहस्पतिवार से मानसून पूर्व यानी प्री-मानसून की गतिविधियों में काफी तेजी आएगी। इसके प्रभाव से दिल्ली के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों हरियाणा और पंजाब में भी व्यापक रूप से वर्षा होगी। आने वाले दिनों में बारिश की तीव्रता बढ़ने से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिरने की उम्मीद है।
Author: Gaurav Malhotra


