Uttarakhand News: उत्तराखंड के पर्वतीय रास्ते से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। नई कार में सवार होकर पिथौरागढ़ के कनालीछीना की ओर जा रहा एक हंसता-खेलता परिवार भयानक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। मरोड़ा खान और बंतोली के बीच हुए इस हादसे ने दो भाइयों की जान ले ली।
चार जून को ही खरीदी थी नई कार
यह दुखद घटना अल्मोड़ा-घाट हाईवे पर मरोड़ा खान के पास हुई। सीआरपीएफ (CRPF) में तैनात बलदेव कुमार अपने भाई राजेंद्र कुमार, पत्नी नीतू और दो बच्चों अक्षिता व आरव के साथ काठगोदाम से रवाना हुए थे। उन्होंने चार जून को ही हल्द्वानी से एक नई कार खरीदी थी, जिससे वे अपने गांव जा रहे थे।
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में बलदेव कुमार और उनके बड़े भाई राजेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। बलदेव की पत्नी नीतू गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि दोनों बच्चों को सिर और पैर में चोटें आई हैं। घटना के बाद चीख-पुकार मच गई।
घायल पत्नी से छिपाई पति की मौत की खबर
अस्पताल में स्ट्रेचर पर लेटी घायल नीतू बार-बार रोते हुए अपने पति और जेठ के बारे में पूछ रही थीं। मौके पर मौजूद लोगों और डॉक्टरों ने उन्हें संभालते हुए बच्चों का चेहरा दिखाया, ताकि वे शांत हो सकें। डॉक्टरों ने नीतू की नाजुक हालत को देखते हुए उनसे पति की मौत की खबर छिपाए रखी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन की टीम और आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। एडीएम केएन गोस्वामी और एसडीएम नीतू डांगर की मौजूदगी में पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल विभाग ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
क्रैश बैरियर के बीच के गैप से खाई में गिरी कार
हादसे की खबर सुनते ही बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और लोग घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे। इनमें नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा समेत कई सामाजिक कार्यकर्ता शामिल थे। बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगे दो क्रैश बैरियर के बीच खाली जगह (गैप) होने की वजह से कार सीधे खाई में चली गई।
इस मर्मस्पर्शी हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक पल में नई कार खरीदने की खुशी मातम में बदल गई। प्रशासन ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच कर रही है।
Author: Harish Rawat


