Haldwani News: उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक बेहद हैरान करने वाला और कुदरत का अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक पालतू गाय ने दो मुंह और तीन आंख वाली एक विचित्र बछिया को जन्म दिया है। इस अनोखे जीव के जन्म की खबर फैलते ही पशुपालक के घर पर लोगों का तांता लग गया है।
दो मुंह होने से वजन नहीं उठा पा रही बछिया
यह अनोखी स्थिति जन्म देने वाली गाय और नवजात बछिया दोनों के लिए काफी कष्टप्रद बनी हुई है। पशुपालक के मुताबिक, दो मुंह और दो सिर होने के कारण बछिया अपने शरीर और गर्दन का भारी वजन नहीं उठा पा रही है। जन्म के समय भी उसे गर्भ से बाहर निकालने में काफी गंभीर समस्या हुई थी।
अस्पताल के डॉक्टरों ने कराया बेहद जटिल प्रसव
गोरापड़ाव के डी-क्लास क्षेत्र के निवासी महेश चंद्र बचकेती और हंसी बचकेती के घर बुधवार शाम करीब पांच बजे इस बछिया का जन्म हुआ। बछिया के दो मुंह, चार आंखें और तीन कान दिखाई दे रहे हैं। प्रसव की जटिलता को देखते हुए पशुचिकित्सक को बुलाया गया था, जिन्होंने काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित डिलीवरी कराई।
शारीरिक बनावट में दिक्कत, पर पी रही है दूध
शारीरिक बनावट असाधारण होने के बावजूद बछिया के स्वास्थ्य में फिलहाल कोई बड़ी परेशानी नजर नहीं आ रही है। पशुपालक परिवार के अनुसार, वह पूरी तरह होश में है और सामान्य रूप से दूध भी पी रही है। हालांकि, गर्दन और सिर को सीधा रखने में उसे लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पशु चिकित्सा विज्ञान में इसे कहते हैं ‘पॉलीसिफेली’
क्षेत्र के वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. आरके पाठक ने इस दुर्लभ मामले पर तकनीकी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि पशुचिकित्सा विज्ञान की भाषा में इस तरह के शारीरिक विकार वाले मामलों को ‘पॉलीसिफेली’ कहा जाता है। यह एक दुर्लभ आनुवंशिक या भ्रूणीय समस्या के कारण होता है।
डॉक्टरों के अनुसार, गर्भधारण के शुरुआती दिनों में जब जाइगोट या एम्ब्रियो (भ्रूण) बनता है, तो वह कई बार प्राकृतिक रूप से पूरी तरह विभाजित नहीं हो पाता। इस आंशिक विभाजन की वजह से गर्भाशय के अंदर ही जीव के दो सिर विकसित हो जाते हैं, जबकि नीचे का पूरा शरीर एक ही रहता है।
Author: Harish Rawat


