नीट पेपर लीक के सदमे में देहरादून की होनहार छात्रा रिया थापा ने की खुदकुशी, राहुल गांधी ने जताया गहरा शोक

Dehradun News: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहां की रहने वाली एक अत्यंत होनहार छात्रा रिया थापा ने नीट (NEET) परीक्षा का पेपर लीक होने और फिर उसे रद्द किए जाने के सदमे में आकर आत्महत्या कर ली।

रिया ने अपनी कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 97.6 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप किया था। वह डॉक्टर बनकर देश की सेवा करना चाहती थी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट शेयर कर रिया के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

राहुल गांधी ने अपने संदेश में कहा कि देहरादून में कांग्रेस के साथी और कारगिल युद्ध के योद्धा रहे राजेश मल्ल की बेटी रिया ने नीट की परीक्षा दी थी। पेपर लीक और रद होने की पीड़ा वह मासूम बच्ची सहन नहीं कर सकी। रिया ने सुसाइड नोट में ‘आई लव यू मम्मी-पापा’ लिखा है।

कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात

घटना की जानकारी मिलते ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना चंद्रबनी स्थित रिया थापा के निवास स्थान पहुंचे। उन्होंने वहां मृतका के पिता और पूर्व सैनिक राजेश मल्ल समेत अन्य स्वजनों से मुलाकात कर उन्हें इस गहरे दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया।

परिजनों से मुलाकात के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता धस्माना ने बताया कि रिया इस साल नीट परीक्षा में शामिल हुई थी। परीक्षा देने के बाद उसने घर आकर बेहद खुशी-खुशी बताया था कि इस बार उसका पेपर बहुत अच्छा गया है और उसे मेडिकल कॉलेज में सीट मिलने का पूरा भरोसा था।

रिया के पिता ने रोते हुए बताया कि जैसे ही टीवी और समाचारों में पेपर लीक होने और फिर परीक्षा कैंसिल होने की खबर आई, वह गहरे मानसिक अवसाद में चली गई थी। लगातार हो रहे पेपर लीक और सिस्टम की इस बड़ी विफलता ने देश की एक और होनहार बेटी की जान ले ली।

Author: Harish Rawat

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories