Uttarakhand News: सरोवर नगरी नैनीताल के रूसी बाईपास क्षेत्र में शनिवार को उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक पर्यटक वाहन को रोका। वाहन रुकते ही गाड़ी में सवार दिल्ली के पर्यटक भड़क गए और बीच सड़क पर ही गाड़ी खड़ी करके जमकर बवाल काटना शुरू कर दिया।
वीकेंड पर ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर था नियम
शनिवार को पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए हल्द्वानी रोड से आने वाले वाहनों को रूसी बाईपास पर ही रोका जा रहा था। नियम के मुताबिक, केवल उन्हीं पर्यटक वाहनों को शहर के भीतर जाने की अनुमति दी जा रही थी, जिनके पास नैनीताल के पार्किंग वाले होटलों की पहले से पुख्ता बुकिंग थी।
इसी चेकिंग के दौरान पुलिस ने हरियाणा (HR) नंबर की एक कार को रोका। ड्यूटी पर तैनात एसएसआई विमल मिश्रा ने पर्यटकों से गाड़ी को निर्धारित पार्किंग में खड़ी करने और वहां से शटल सेवा का उपयोग कर शहर जाने को कहा। यह सुनते ही कार सवार पर्यटक पूरी तरह आगबबूला हो गए और बहस करने लगे।
पुलिस पर लगाया मिलीभगत का आरोप
पर्यटकों ने मर्यादा की सीमा लांघते हुए पुलिसकर्मियों पर स्थानीय होटल संचालकों से मिलीभगत करने के गंभीर आरोप लगाने शुरू कर दिए। पर्यटक और उनके परिवार वाले अपने मोबाइल से पुलिसकर्मियों की वीडियो बनाने लगे। उन्होंने करीब आधे घंटे तक बीच सड़क पर गाड़ी खड़ी रखकर पूरे यातायात को बुरी तरह ठप कर दिया।
जब एसएसआई ने नियमों के उल्लंघन और जाम लगाने पर वाहन को सीज करने की कार्रवाई शुरू की, तो पर्यटकों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने जबरन बीच सड़क पर खड़े होकर अन्य आने-जाने वाले पर्यटकों के वाहनों को भी रोक दिया, जिससे नैनीताल रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
अकड़ दिखाना पड़ा भारी, पुलिस ने भेजा जेल
हंगामा और तनाव बढ़ता देख कोतवाली से अतिरिक्त पुलिस बल को तुरंत मौके पर बुलाना पड़ा। नैनीताल कोतवाल हरपाल सिंह ने मौके पर पहुंचकर हंगामा कर रहे पर्यटकों को शांत करने और समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन दिल्ली के ये पर्यटक लगातार अपनी अकड़ दिखाते रहे और दुर्व्यवहार करते रहे।
पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए हंगामा काट रहे तीन पर्यटकों को तुरंत हिरासत में ले लिया और गाड़ी को सीज कर कोतवाली ले आई। कोतवाल ने बताया कि गीता कॉलोनी, दिल्ली निवासी माया पत्नी राम नारायण, मोहित और ओम प्रकाश रेकवाल के खिलाफ बीएनएस की धारा 172 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की गई है।
Author: Harish Rawat


