Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची में मंगलवार की देर रात एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चुटिया थाना क्षेत्र के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रांतीय कार्यालय पर अज्ञात बदमाशों ने पेट्रोल बम फेंक दिया। इस औचक हमले से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक देर रात आए दो संदिग्धों ने सॉस की कांच वाली बोतलों में पेट्रोल भरकर दफ्तर पर दे मारा। राहत की बात यह रही कि दोनों बोतलें मुख्य कार्यालय की बाउंड्री से ठीक पहले ही जमीन पर गिर गईं। इस हमले में फिलहाल किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीमें
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने तुरंत मोर्चा संभाला। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिलते ही इलाके में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया गया है। शुरुआती जांच के अनुसार इस कायराना हरकत को दो युवकों ने अंजाम दिया है।
इस बड़े मामले के खुलासे और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) सहित पुलिस की कई विशेष टीमों को लगाया गया है। हमले की पूरी लाइव तस्वीर वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में साफ कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर दोनों अपराधियों की पहचान कर रही है।
बीजेपी और सरकार के बड़े नेताओं ने की सख्त कार्रवाई की मांग
दफ्तर पर पेट्रोल बम फेंके जाने की खबर फैलते ही राज्य के सियासी गलियारों में भारी उबाल आ गया। मामले की सूचना मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, स्थानीय विधायक सीपी सिंह और केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ तुरंत स्थिति का जायजा लेने आरएसएस कार्यालय पहुंचे।
सभी वरिष्ठ नेताओं ने इस हिंसक घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से दोषियों के खिलाफ अविलंब और बेहद सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग उठाई है। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से दफ्तर के बाहर अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है।
Author: Rohit Mahato


