Himachal Pradesh News: भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले वनडे मैच के लिए धर्मशाला पहुंचे भारतीय क्रिकेट टीम के दो युवा खिलाड़ी सुर्खियों में हैं। स्टार बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी ने फाइव स्टार होटल की सुख-सुविधाएं छोड़ दीं। वे खनियारा के पास स्थित मनूनी खड्ड की खूबसूरत प्राकृतिक वादियों का आनंद लेने पहुंच गए।
धर्मशाला के खराब मौसम और खड्ड के तेज बहाव के कारण दोनों क्रिकेटर्स पानी में तो नहीं उतर सके। हालांकि, उन्होंने वहां बने एक खूबसूरत नेचर पार्क कैफे में बैठकर गरमा-गरम चाय और पहाड़ी मैगी का जमकर लुत्फ उठाया। दोनों युवा खिलाड़ी यहां अपने पुराने दोस्त और राष्ट्रीय मुक्केबाज रमन से खास मुलाकात करने पहुंचे थे।
खराब मौसम और तेज उफान के कारण पानी में नहीं उतरे खिलाड़ी
खिलाड़ियों के मित्र रमन ने बताया कि धर्मशाला पहुंचते ही दोनों क्रिकेटर्स ने उनसे तुरंत संपर्क किया था। वे खेल की व्यस्तता से दूर किसी शांत और सुंदर वातावरण में क्वालिटी टाइम बिताना चाहते थे। धौलाधार की खूबसूरत पहाड़ियों, बर्फीले झरनों और चारों तरफ फैली हरियाली के बीच दोनों स्टार्स ने लंबा वक्त गुजारा।
यशस्वी और नीतीश ने पहाड़ों की इस हसीन पृष्ठभूमि में कई यादगार तस्वीरें भी क्लिक कीं। रिमझिम बारिश के बीच जब स्थानीय निवासियों और वहां आए पर्यटकों ने इन क्रिकेटरों को देखा तो वे दंग रह गए। फैंस ने दोनों स्टार खिलाड़ियों के इतने सरल, सहज और डाउन-टू-अर्थ व्यवहार की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ की।
क्रिकेटर अपने दोस्त रमन के साथ-साथ एक एनआईएस कोच से मिलने भी उनके निवास स्थान तक गए थे। मैदान पर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से दर्शकों का दिल जीतने वाले ये खिलाड़ी ऑफ-कैमरा बेहद शांत नजर आए। दोनों ही खिलाड़ी भारत-अफगानिस्तान सीरीज के आगामी बड़े मुकाबले के लिए जमकर पसीना बहा रहे हैं।
Reported By: Sunita Gupta


