Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला से एक बेहद हैरान करने वाला अनोखा मामला सामने आया है। यहां के रिवालसर क्षेत्र में एक बंदर अचानक कुत्ते के छोटे बच्चे को उठाकर पेड़ पर ले गया। इंटरनेट मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
पेड़ की ऊंचाई पर बेबस दिखा छोटा पिल्ला
यह बंदर कुत्ते के पिल्ले को बीच सड़क से उठाकर अचानक करीब 20 फीट ऊंचे पेड़ पर ले गया। वहां बैठकर वह उसे अपने बच्चे की तरह दुलारने लगा। यह नजारा देख नीचे खड़े स्थानीय लोगों की सांसें अटक गईं। लोग डर के मारे पेड़ के नीचे ही जमा हो गए।
सभी को डर था कि बंदर पिल्ले को नीचे न फेंक दे। हालांकि करीब 15 मिनट तक पेड़ पर बैठने के बाद बंदर शांति से नीचे आया। उसने बिना कोई नुकसान पहुंचाए पिल्ले को जमीन पर छोड़ दिया। इस हैरान करने वाले वाकये को लोग दिल छूने वाली घटना बता रहे हैं।
मातृत्व की भावना और स्थानीय लोगों में गहरा डर
जानकारों के अनुसार यह एक मादा बंदर थी, जिसमें अपनेपन और मातृत्व की गहरी भावना जागी थी। हालांकि आमतौर पर बंदर और कुत्तों के बीच भयानक दुश्मनी देखी जाती है। इस घटना के बाद स्थानीय जनता में अपने छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता और दहशत का माहौल है।
इस पूरे मामले पर पर्यावरणविद नरेंद्र सैणी ने अपनी राय दी है। उन्होंने बताया कि प्रकृति में ऐसे अनोखे मामले अक्सर सामने आते रहते हैं। रिवालसर की यह घटना भी इसी व्यवहार का हिस्सा है। उन्होंने जनता से अपील की है कि इस घटना से घबराने या डरने की कोई जरूरत नहीं है।
Reported By: Sunita Gupta


