हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 308 गणित शिक्षकों की भर्ती को मंजूरी, जानिए कितनी मिलेगी सैलरी और कब जारी होगा जॉइनिंग ऑर्डर

Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. राज्य सरकार केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई से संबद्ध सरकारी विद्यालयों में जल्द ही 308 गणित शिक्षकों की सीधी नियुक्ति करने जा रही है. स्कूल शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में एक विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर अंतिम मंजूरी के लिए कैबिनेट को भेज दिया है.

राज्य चयन आयोग द्वारा मेरिट सूची जारी करने के बाद शिक्षा विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं. मुख्यमंत्री कार्यालय से हरी झंडी मिलते ही दो से तीन दिनों के भीतर सभी चयनित उम्मीदवारों के नियुक्ति आदेश जारी कर दिए जाएंगे. विभाग ने भेजे गए प्रस्ताव में शिक्षकों की तैनाती के लिए स्टेशनों का निर्धारण भी पहले ही कर लिया है.

चयनित शिक्षकों को मिलेगा हर महीने शानदार मानदेय

सरकार उत्कृष्ट योजना के तहत सीबीएसई स्कूलों में कुल 400 अंग्रेजी और 400 गणित शिक्षकों की बहाली करेगी. इसमें से 308 पदों पर चयन आयोग के माध्यम से सीधी भर्ती हो रही है. जबकि बाकी बचे 92 पद अन्य आरक्षित श्रेणियों के तहत भरे जाएंगे. चयनित शिक्षकों को 30,000 रुपये के निश्चित मासिक मानदेय पर साल में 10 महीने के लिए रखा जाएगा.

शिक्षा विभाग इन नए शिक्षकों के माध्यम से विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार करेगा. इसके लिए एक विशेष अतिरिक्त पाठ्यक्रम तैयार किया जा रहा है. इस नए प्रयोग से सरकारी स्कूलों के छात्रों में अंग्रेजी और गणित विषय के प्रति दक्षता बढ़ेगी. यह विशेष कोर्स स्कूलों में चल रहे मौजूदा सामान्य पाठ्यक्रम के अतिरिक्त पढ़ाया जाएगा.

छह हजार शिक्षक पदों पर भर्ती को लेकर बढ़ा सस्पेंस

सीबीएसई स्कूलों के लिए बनाए गए सब कैडर में मौजूदा सेवारत शिक्षकों को ही तैनात करने की योजना थी. इसके लिए स्कूल शिक्षा बोर्ड ने एक विशेष चयन परीक्षा भी आयोजित की थी. परीक्षा परिणाम आने के बाद काउंसलिंग की तारीख तय हुई, लेकिन अब इस प्रक्रिया का चौतरफा विरोध शुरू हो गया है. इस वजह से सरकार असमंजस में पड़ गई है.

कैबिनेट की बैठक में हुए गहन विचार-विमर्श के बाद अब उपमुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय कमेटी बनाई गई है. करीब छह हजार पदों पर होने वाली इस बड़ी भर्ती पर अभी अंतिम फैसला होना बाकी है. हालांकि कमेटी की पहली बैठक से पहले ही स्कूल शिक्षा निदेशालय ने छात्रों और शिक्षकों की संख्या का पूरा रिकॉर्ड तैयार कर लिया है.

इन स्कूलों में अभी भूगोल, संगीत, आईटी और मनोविज्ञान सहित विभिन्न श्रेणियों के 560 पदों के परिणाम आने बाकी हैं. शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बताया कि राज्य चयन आयोग ने गणित विषय का परिणाम घोषित कर दिया है, जिसकी नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी होगी. सब कैडर के बाकी छह हजार पदों पर गठित कमेटी जल्द ही अंतिम निर्णय लेगी.

Reported By: Sunita Gupta

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories