Jharkhand News: धनबाद में आयोजित एक अहम चिकित्सा सम्मेलन में महिलाओं की स्वास्थ्य समस्याओं पर गंभीर चर्चा हुई। स्त्री रोग विशेषज्ञों ने एंडोमेट्रियोसिस जैसी खतरनाक बीमारी और इसके कारण होने वाले बांझपन को लेकर महिलाओं को सचेत किया। कार्यक्रम में प्रसव के दौरान होने वाले भारी रक्तस्राव को रोकने के उपायों पर भी मंथन किया गया।
धनसार स्थित रेडिसन होटल में धनबाद सोसाइटी ऑफ ऑब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी का स्वर्ण जयंती सम्मेलन आयोजित हुआ। इस खास मौके पर देशभर से लगभग 280 विशेषज्ञ डॉक्टर धनबाद पहुंचे। सम्मेलन के दूसरे दिन संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. भास्कर पाल ने एंडोमेट्रियोसिस बीमारी के खतरे और बचाव पर विस्तार से अपनी अहम जानकारी साझा की।
गर्भाशय के बाहर पनपने लगती है परत
विशेषज्ञों ने बताया कि एंडोमेट्रियोसिस महिलाओं में होने वाली एक बेहद आम लेकिन गंभीर समस्या है। इस बीमारी में गर्भाशय के अंदर पाई जाने वाली ‘एंडोमेट्रियम’ परत बाहर की तरफ बढ़ने लगती है। यह परत अंडाशय और फैलोपियन ट्यूब जैसे नाजुक अंगों में तेजी से फैलने लगती है, जिससे काफी शारीरिक परेशानी होने लगती है।
पीरियड के दौरान कई बार रक्त गर्भाशय में जाकर बुरी तरह जम जाता है। यह जमा हुआ खून महिलाओं में असहनीय दर्द का कारण बनता है। डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि यह बीमारी बांझपन का एक बहुत बड़ा कारण बन चुकी है। आम महिलाओं में यह परेशानी आजकल सबसे ज्यादा देखने को मिल रही है।
सही समय पर इलाज से मिलेगी राहत
डॉक्टरों की सलाह है कि परेशानी होने पर तुरंत किसी अच्छे विशेषज्ञ से जांच करवानी चाहिए। आज के समय में कई उन्नत जांच पद्धतियां और असरदार दवाइयां आसानी से उपलब्ध हैं। अगर सही समय पर इलाज शुरू कर दिया जाए, तो इस गंभीर समस्या से पूरी तरह से छुटकारा पाना अब संभव हो गया है।
प्रसव के बाद रक्तस्राव रोकना है चुनौती
सम्मेलन के दौरान डॉ. नीतू सहाय और डॉ. रीना वर्णवाल ने प्रसव के बाद होने वाले भारी रक्तस्राव पर अपनी चिंता व्यक्त की। डॉ. सहाय ने स्पष्ट किया कि डिलीवरी के बाद खून का न रुकना मातृ मृत्यु दर का सबसे बड़ा कारण है। संगठन अब प्रसूताओं की इस समस्या को दूर करने पर ध्यान दे रहा है।
रविवार को समाप्त हुए इस आयोजन के दोपहर सत्र में दो विशेष व्याख्यान दिए गए। डॉ. सीसी हाजरा ओरेशन में फोग्सी अध्यक्ष डॉ. माधुरी पटेल ने गर्भावस्था में मधुमेह पर चर्चा की। वहीं, डॉ. लीना प्रिया ओरेशन में कैंसर स्क्रीनिंग और सिजेरियन ऑपरेशन की उन्नत तकनीकों जैसी महत्वपूर्ण जानकारियों पर भी विस्तार से बात की गई।
Author: Rohit Mahato

