Delhi News: राजधानी दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन इलाके में एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। वहीं, आठ लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं।
दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के मुताबिक, आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। राहत और बचाव दल ने सूझबूझ दिखाते हुए अब तक आठ घायलों को इमारत से बाहर निकाला है। सभी झुलसे हुए लोगों को तुरंत इलाज के लिए एम्स (AIIMS) ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
राहत कार्य जारी, मलबे से निकाले गए तीन शव
दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनास्थल से तीन शवों को भी बाहर निकाला है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें इन मृतकों की शिनाख्त करने के प्रयास में जुटी हैं। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मृतक इसी इमारत के निवासी थे या कोई बाहरी लोग थे।
शुरुआती जांच के अनुसार, आग तुगलकाबाद एक्सटेंशन की गली नंबर एक में स्थित एक रिहायशी इमारत में लगी। संकरी गली होने के कारण शुरुआत में दमकल वाहनों को अंदर पहुंचने में थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, दमकल कर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए आग पर काबू पाना शुरू कर दिया।
फायर ब्रिगेड के जवानों ने 5 लोगों को सुरक्षित बचाया
संकट की इस घड़ी में दिल्ली फायर सर्विस के जांबाज स्टाफ ने अपनी जान जोखिम में डालकर इमारत में फंसे पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। सुरक्षित बचाए गए लोगों को प्राथमिक उपचार देने के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। इमारत के भीतर अब भी कूलिंग का काम चल रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रथम दृष्टया इसे शॉर्ट सर्किट का मामला माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फॉरेंसिक टीम की मदद से हादसे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।
Author: Gaurav Malhotra


