Delhi News: साउथ दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में स्थित फ्लोरिश स्टे होटल में हुए भीषण अग्निकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी होटल मालिक के खिलाफ संबंधित थाने में गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है।
पुलिस ने एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105, 326(g), 324(5), 125(a), 125(b) और 287 को शामिल किया है। ये धाराएं गैर-इरादतन हत्या, लापरवाही बरतने और लोगों की जान जोखिम में डालने से संबंधित हैं।
शॉर्ट सर्किट से भड़की आग और अवैध रेस्टोरेंट का खुलासा
शुरुआती फोरेंसिक जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि होटल में आग शॉर्ट सर्किट की वजह से भड़की थी। घटना के समय कोई सिलेंडर ब्लास्ट नहीं हुआ था। नियमों के खिलाफ जाकर होटल के बेसमेंट में अवैध रूप से कमर्शियल रेस्टोरेंट चलाया जा रहा था।
हादसे के बाद दिल्ली सरकार पूरी तरह एक्शन में आ गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अस्पताल जाकर सभी घायलों का हालचाल जाना। सीएम ने इस पूरे दर्दनाक मामले की विस्तृत मजिस्ट्रेट जांच कराने के सख्त आदेश अधिकारियों को दे दिए हैं।
मृतकों और घायलों के लिए बड़े मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। सरकार हर मृतक के परिजन को 10-10 लाख रुपये की सम्मान राशि देगी। इसके साथ ही हादसे में गंभीर रूप से झुलसे सभी घायलों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक मदद मिलेगी।
प्रशासन ने दिल्ली के सभी बेसमेंट में चल रही अवैध दुकानों को तुरंत बंद करने का फैसला किया है। पूरे इलाके का व्यापक सर्वे शुरू हो गया है। पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी मालिक लवकेश बजाज को भी गिरफ्तार कर लिया है।
विदेशी मृतकों के पासपोर्ट से शिनाख्त और डीएनए प्रोफाइलिंग
इस भयानक हादसे में जान गंवाने वाले लोगों में 18 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। ये सभी मृतक नाइजीरिया, अफगानिस्तान, बांग्लादेश और सोमालिया के रहने वाले थे। पुलिस ने घटना स्थल से बरामद पासपोर्ट के जरिए सभी की पहचान सुनिश्चित की है।
संबंधित दूतावासों की लिखित अनुमति के बाद सभी विदेशी नागरिकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। शिनाख्त में कोई गलती न हो, इसलिए पुलिस डॉक्टरों की मदद से सभी शवों की विशेष डीएनए (DNA) प्रोफाइलिंग भी करवा रही है।
डीएनए मिलान की कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही शवों को विदेशी दूतावासों या परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने शवों को सुरक्षित रखवाया है। इस भीषण हादसे में घायल करीब 37 लोगों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
Author: Gaurav Malhotra


