Punjab News: पंजाब में साल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने एक बड़ा दावा करके सबको चौंका दिया है। हुड्डा के मुताबिक पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह लगातार उनके संपर्क में बने हुए हैं।
हुड्डा ने कैप्टन को कांग्रेस का पुराना और बेहद वरिष्ठ साथी बताया है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि दोनों नेताओं की पुरानी दोस्ती कैप्टन की कांग्रेस में वापसी का जरिया बन सकती है। हुड्डा के इस सनसनीखेज दावे के बाद राज्य की राजनीति अचानक गरमा गई है।
पंजाब भाजपा ने हुड्डा के दावे पर किया पलटवार
भूपेंद्र हुड्डा के इस बड़े दावे पर पंजाब भाजपा ने भी तुरंत अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रितपाल सिंह बलियावाल ने कहा कि नेताओं का आपस में संपर्क में होना कोई बहुत बड़ी बात नहीं है। उन्होंने कांग्रेस के अंदरूनी कलह पर भी तंज कसा।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि रणदीप सुरजेवाला और कुमारी सैलजा तो हमेशा कहती हैं कि हुड्डा किसी के संपर्क में नहीं रहते हैं। हुड्डा ने सिर्फ सामान्य बातचीत की बात कही है। जनता को इसके कोई राजनीतिक मायने बिल्कुल नहीं निकालने चाहिए। यह केवल एक सामान्य चर्चा है।
भाजपा की कार्यप्रणाली से नाराज चल रहे कैप्टन
कैप्टन अमरिंदर सिंह के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलों को इसलिए बल मिल रहा है, क्योंकि वे हाल ही में कांग्रेस की तारीफ करते दिखे। कैप्टन का दर्द छलका कि कांग्रेस में हमेशा उनसे सलाह ली जाती थी, लेकिन भाजपा में फैसले सीधे ऊपर से होते हैं।
कैप्टन तीन बार पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष रहे हैं। उन्होंने केवल ढिल्लों को पंजाब भाजपा का नया अध्यक्ष बनाने का खुलकर विरोध किया था। इस महत्वपूर्ण नियुक्ति के मामले में शीर्ष नेतृत्व ने वरिष्ठ नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह से कोई राय नहीं ली थी।
आज भी पुरानी पार्टी कांग्रेस को मिस करते हैं कैप्टन
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कुछ समय पहले खुले तौर पर स्वीकार किया था कि वे आज भी कांग्रेस पार्टी को बहुत मिस करते हैं। उन्होंने कांग्रेस को एक बड़े परिवार की तरह बताया। उन्होंने कहा कि वहां फोन करने पर नेतृत्व तुरंत मुलाकात का समय देता था।
कैप्टन के जन्मदिन पर राहुल गांधी ने उन्हें विशेष बधाई संदेश भेजा था। हाल ही में उनके भाई रणधीर के निधन पर भी राहुल गांधी का शोक संदेश आया था। कैप्टन ने दुख जताया कि भाजपा के किसी भी बड़े नेता ने उनसे संवेदना तक व्यक्त नहीं की।
अकाली दल से गठबंधन के पक्ष में अमरिंदर सिंह
कैप्टन अमरिंदर सिंह पंजाब के आगामी चुनाव में अकाली दल के साथ दोबारा गठबंधन करने के प्रबल पक्ष में हैं। वे खुलकर इसकी वकालत करते हैं। इसके विपरीत भाजपा नेता बार-बार कह रहे हैं कि पार्टी सभी 117 विधानसभा सीटों पर अकेले ही चुनाव लड़ेगी।
भाजपा में शामिल होने के बाद से ही कैप्टन खुद को पूरी तरह उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। इस बीच तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अन्नामलाई के भी पार्टी छोड़ने की अटकलें तेज हैं। कहा जा रहा है कि पूर्व IPS अधिकारी एक नए राजनीतिक दल का गठन कर सकते हैं।
Author: Gurpreet Singh


