Delhi News: राजधानी दिल्ली के वीवीआईपी इलाके लोधी कॉलोनी में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां लोधी होटल के पास सीवेज पाइपलाइन बिछाने के काम के दौरान अचानक एक बाउंड्री वॉल भरभराकर गिर गई। इस हादसे में तीन लोग मलबे में बुरी तरह फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबे में दबे तीन लोगों में से दो को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक व्यक्ति की जान नहीं बचाई जा सकी। दिल्ली फायर सर्विस (DFS) की टीम के पहुंचने से पहले ही घायलों को अस्पताल भेज दिया गया था।
हादसे के तुरंत बाद सभी पीड़ितों को इलाज के लिए एम्स (AIIMS) ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी दो घायलों का इलाज फिलहाल जारी है। पुलिस और प्रशासन की टीमें इस हादसे के कारणों की जांच में जुट गई हैं।
हादसे के पीड़ितों की हुई पहचान
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 55 वर्षीय देवेंद्र के रूप में हुई है, जो अमीचंद के पुत्र थे। वहीं मलबे से सुरक्षित निकाले गए घायलों में 48 वर्षीय राजेश (पुत्र भगवती) और 20 वर्षीय उमर (पुत्र मुन्ना) शामिल हैं।
अस्पताल में भर्ती दोनों घायलों की स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं। स्थानीय प्रशासन अब इस बात की तफ्तीश कर रहा है कि सीवेज पाइपलाइन के काम के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, ताकि लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जा सके।
Author: Gaurav Malhotra


