दयालपुर में MCD का बड़ा एक्शन: करावल नगर रोड को 80 फीट चौड़ा करने के लिए ढहाए गए अवैध मकान, थमेगा जाम का झाम

Delhi News: पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में दिल्ली नगर निगम (MCD) का अतिक्रमण हटाओ अभियान बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी पूरी रफ्तार से जारी रहा। करावल नगर रोड को चौड़ा करने के लिए आज प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 और अवैध मकानों को पूरी तरह जमींदोज कर दिया।

इससे पहले बुधवार को भी निगम के बुलडोजर ने करीब 25 अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया था। यह पूरी कार्रवाई भजनपुरा से शिव विहार तक के मुख्य मार्ग को 80 फीट चौड़ा करने के लिए की जा रही है। इस सड़क के चौड़े होने से स्थानीय लोगों को रोजाना लगने वाले भीषण जाम से बड़ी राहत मिलेगी।

निगम अधिकारियों के मुताबिक, इस मुख्य मार्ग पर लंबे समय से लोगों ने अवैध कब्जे कर रखे थे। इस कारण सड़क बेहद संकरी हो गई थी और यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध भी जताया, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी के कारण अभियान नहीं रुका।

नोटिस के बाद भी नहीं हटाए थे कब्जे

एमसीडी प्रशासन ने साफ किया है कि इस कार्रवाई से पहले सभी प्रभावित मकान मालिकों को कानूनी नोटिस जारी किए गए थे। उन्हें खुद ही अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे। तय समय सीमा के भीतर जब लोगों ने कब्जे नहीं हटाए, तब निगम को यह सख्त कदम उठाना पड़ा।

क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने इस बड़ी कार्रवाई को लेकर अहम जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि सड़क किनारे बने कुल 171 अवैध निर्माणों को पूरी तरह से हटाने की प्रक्रिया चल रही है। सड़क के चौड़ा होते ही इस रूट पर फिर से डीटीसी बस सेवा शुरू करने की योजना बनाई गई है।

विधायक ने आगे बताया कि डीटीसी बसें चलने से लाखों स्थानीय निवासियों को सार्वजनिक परिवहन की शानदार सुविधा मिलने लगेगी। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगले चरण में सरकारी जमीनों पर किए गए सभी बड़े अवैध कब्जों के खिलाफ भी निगम का यह बुलडोजर अभियान लगातार जारी रहेगा।

Author: Gaurav Malhotra

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories