Bihar News: पटना के प्रतिष्ठित पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) के नवनिर्मित इमरजेंसी भवन में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब इलाज के लिए लाया गया एक शातिर कैदी बाथरूम की फाल्स सीलिंग तोड़कर भागने लगा। हालांकि, उसकी यह चालाकी धरी की धरी रह गई।
कैदी जैसे ही फाल्स सीलिंग के सहारे ऊपर चढ़ा, कमजोर ढांचा होने के कारण सीलिंग भरभराकर नीचे गिर गई। सीलिंग टूटने से कैदी भी सीधे जमीन पर आ गिरा, जिससे उसे हल्की चोटें आईं। मौके पर मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों ने बिना वक्त गंवाए उसे तुरंत दबोच लिया।
बेऊर जेल भेजने से पहले इलाज के लिए लाई थी पुलिस
गिरफ्तार कैदी की पहचान राघोपुर के रहने वाले 25 वर्षीय रौशन कुमार के रूप में हुई है। मालसलामी थाने की पुलिस ने उसे एक मामले में जेल भेजने की तैयारी की थी। लेकिन बेऊर जेल प्रशासन ने रौशन की तबीयत खराब देखकर पहले उसका उचित उपचार कराने की सलाह दी थी।
जेल प्रशासन के निर्देश पर मालसलामी पुलिस कैदी रौशन कुमार को कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज के लिए पीएमसीएच के नए इमरजेंसी वार्ड में लेकर आई थी। अस्पताल पहुंचने के कुछ देर बाद ही आरोपी ने शौच के बहाने बाथरूम जाकर वहां से रफूचक्कर होने का यह खौफनाक प्लान बनाया था।
करोड़ों के नए भवन के निर्माण कार्य पर उठे गंभीर सवाल
इस अचानक हुए हादसे के बाद इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के बीच काफी देर तक अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा। अस्पताल में मौजूद लोगों ने करोड़ों रुपये की लागत से बने इस नए वीआईपी भवन के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर कड़े सवाल उठाए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल की नई बिल्डिंग में फाल्स सीलिंग टूटने का यह कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि ऐसी घटनाएं यहां लगातार सामने आ रही हैं। इसके साथ ही, इस दुस्साहस ने अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।
पीएमसीएच अधीक्षक ने दिए मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश
मरीजों का कहना है कि यदि सुरक्षाकर्मियों की थोड़ी सी भी नजर चूक जाती और कैदी भागने में पूरी तरह सफल हो जाता, तो यह प्रशासन की एक बहुत बड़ी लापरवाही मानी जाती। इस घटना के बाद से अस्पताल प्रशासन पूरी तरह बैकफुट पर नजर आ रहा है।
पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एक कैदी मरीज ने भागने का प्रयास किया था, जिसे सुरक्षाबलों ने पकड़ लिया है। उन्होंने स्थानीय टीओपी प्रभारी को पूरे मामले की लिखित सूचना देकर इस सुरक्षा चूक की गहन जांच के आदेश जारी किए हैं।
Author: Amit Yadav

