पटना में कोचिंग वॉर: खान सर की एकेडमी में फायरिंग का बढ़ा सस्पेंस, नेपाल पुलिस की कस्टडी में 5 दोस्त, रौशन आनंद करेंगे केस!

Patna News: बिहार की राजधानी पटना के चर्चित कोचिंग संस्थानों, खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के बीच वर्चस्व की जंग गहराती जा रही है। कदमकुआं थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर स्थित खान ग्लोबल स्टडीज में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में पटना पुलिस की जांच अब बेहद तेज हो गई है।

घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी मंगलवार देर शाम तक खान ग्लोबल स्टडीज के तीन मुख्य स्टाफ थाने नहीं पहुंचे। पुलिस इन तीनों कर्मियों को घटना के समय के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज दिखाकर उपद्रवियों की पहचान करने के लिए लगातार बुला रही है, लेकिन वे जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं।

गार्ड की फायरिंग के वक्त मौजूद लोगों की होगी पहचान

घटना के दिन खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक फैजल खान (खान सर) के सुरक्षा गार्ड द्वारा की गई ताबड़तोड़ फायरिंग के दौरान वहां कई संदिग्ध लोग मौजूद थे। पुलिस का साफ कहना है कि फायरिंग के वक्त वहां कौन-कौन था, इसकी सटीक पहचान खान ग्लोबल के स्टाफ के अलावा कोई नहीं कर सकता।

मंगलवार को भी स्टाफ के न पहुंचने पर पुलिस अब उन्हें एक और अंतिम नोटिस जारी करने की तैयारी में है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इसके बाद भी अगर तीनों कर्मचारी जांच में शामिल नहीं होते हैं, तो कोर्ट के जरिए समन जारी कराया जाएगा। पुलिस अदालत में भी इस असहयोग की बात रखेगी।

रौशन आनंद के भाई की मौत का नेपाल कनेक्शन

इस पूरे विवाद के बीच एक और बेहद संवेदनशील मोड़ आ गया है। ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के संचालक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई है। इस मामले में नेपाल पुलिस ने प्रिंस के पांच दोस्तों को हिरासत में ले रखा है।

नेपाल पुलिस का कहना है कि जब तक प्रिंस की विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने नहीं आ जाती, तब तक इन पांचों दोस्तों को थाने से जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इधर, पटना पुलिस ने नेपाल पुलिस के सहयोग से हिरासत में लिए गए युवकों से फोन पर लंबी बातचीत कर अहम सुराग जुटाए हैं।

मकान मालिक से दो घंटे तक हुई कड़ी पूछताछ

इस बीच, ज्ञान बिंदु एकेडमी के संचालक रौशन आनंद अब इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कानूनी केस दर्ज कराने की तैयारी में जुट गए हैं। दूसरी तरफ, मामले की मुख्य अनुसंधानकर्ता श्वेता कुमारी ने सोमवार को खान ग्लोबल स्टडीज के मकान मालिक से करीब दो घंटे तक कड़ी पूछताछ की और उनका बयान दर्ज किया।

मकान मालिक से कोचिंग परिसर में हुई मारपीट और गार्ड द्वारा चलाई गई गोलियों के संबंध में कई तीखे सवाल पूछे गए। पटना पुलिस इस हाईप्रोफाइल मामले में अब तक 12 से अधिक गवाहों और संबंधित लोगों से पूछताछ कर चुकी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी दोषियों को बेनकाब किया जाएगा।

Author: Amit Yadav

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories