Patna News: बिहार में होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों के लिए पूर्व मध्य रेलवे ने सफर का बड़ा और शानदार इंतजाम किया है। रेलवे प्रशासन ने उम्मीदवारों के सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए 30 से अधिक परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।
इस बड़े फैसले के तहत मंगलवार को जहां पांच विशेष ट्रेनें विभिन्न रूटों पर रवाना की गईं, वहीं बुधवार को 25 विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। रेलवे प्रशासन के इस त्वरित और संवेनदशील निर्णय से नियमित ट्रेनों पर यात्रियों का अतिरिक्त दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा।
दूसरे चरण के लिए बढ़ा दी गई स्पेशल ट्रेनों की संख्या
रेलवे प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों की दूरी और परीक्षार्थियों की भारी तादाद को देखते हुए दूसरे चरण में ट्रेनों का दायरा बढ़ा दिया है। मंगलवार की रात को ही पाटलिपुत्र स्टेशन से किशनगंज, अररिया और नौगछिया के लिए विशेष ट्रेनें रवाना की जा चुकी हैं।
इसके अलावा पटना से नरकटियागंज तथा भभुआ के लिए भी स्पेशल ट्रेनें खोली गईं। इन सभी ट्रेनों का ठहराव बेगूसराय, खगड़िया, कटिहार, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, बापूधाम मोतिहारी, बेतिया, जहानाबाद, गया, डेहरी ऑन सोन और सासाराम सहित विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर दिया गया है, ताकि छात्रों को सहूलियत हो।
बुधवार को पटरी पर दौड़ेंगी 25 परीक्षा स्पेशल ट्रेनें
पूर्व मध्य रेल प्रशासन के अनुसार, बुधवार को भी 25 परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन सुचारू रूप से किया जाएगा। ये ट्रेनें मुख्य रूप से पटना-गया, बक्सर-पटना, बक्सर-दानापुर, किऊल-गया, गया-किऊल, बख्तियारपुर-राजगीर, बेतिया-हाजीपुर, बेतिया-पाटलिपुत्र और दोरम मधेपुरा-हाजीपुर के बीच चलाई जा रही हैं।
इसके साथ ही मधुबनी-सोनपुर, मुजफ्फरपुर-पाटलिपुत्र, समस्तीपुर-सीवान, समस्तीपुर-हाजीपुर, पूर्णिया कोर्ट-पाटलिपुत्र, सहरसा-हाजीपुर, सुपौल-देवघर, औरंगाबाद-गया, हाजीपुर-छपरा, सोनपुर-मुजफ्फरपुर तथा नौगछिया-पाटलिपुत्र के बीच भी विशेष सेवाएं दी जा रही हैं। छात्र इन ट्रेनों से आसानी से अपने तय परीक्षा केंद्र तक समय पर पहुंच सकते हैं।
सुरक्षा और समयबद्धता के लिए स्टेशनों पर कड़े इंतजाम
पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) सरस्वती चंद्र ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुरक्षित एवं समयबद्ध पहुंच सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं। इन ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं और विशेष निगरानी रखी जा रही है।
स्टेशन परिसरों में भीड़ को पूरी तरह नियंत्रित करने और छात्रों की मदद के लिए अतिरिक्त रेल कर्मियों की तैनाती की गई है। रेलवे ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले स्टेशन पहुंचें और इन परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का अधिकतम लाभ उठाएं।
ये है बुधवार को चलने वाली प्रमुख ट्रेनों का समय
बुधवार को चलने वाली कुछ प्रमुख ट्रेनों का समय तय कर दिया गया है। पटना से गया के लिए सुबह 07:15 बजे, बक्सर से दानापुर दोपहर 13:30 बजे, किऊल से गया दोपहर 12:30 बजे और गया से किऊल के लिए शाम 17:30 बजे ट्रेन खुलेगी।
इसके अतिरिक्त, बख्तियारपुर से राजगीर सुबह 08:00 बजे और दोपहर 15:30 बजे, बेतिया से हाजीपुर दोपहर 13:00 बजे, मुजफ्फरपुर से पाटलिपुत्र दोपहर 13:00 बजे और शाम 18:00 बजे, जबकि समस्तीपुर से सीवान के लिए दोपहर 13:00 बजे विशेष ट्रेन रवाना होगी।
Author: Amit Yadav


