Rampur News: ऐतिहासिक श्रीखंड महादेव यात्रा के दौरान प्रतिबंधित गानवी-झगोरी-फांचा मार्ग पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। स्थानीय प्रशासन ने इस रास्ते पर अनधिकृत आवाजाही रोकने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और वन विभाग को तत्काल प्रभाव से निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि इस रास्ते पर आवाजाही पूरी तरह बंद है। इसके बावजूद कुछ बाहरी पर्यटक इसी रास्ते से श्रीखंड महादेव जाने की कोशिश कर रहे हैं। इससे किसी अप्रिय घटना का खतरा है। उन्होंने पुलिस को फांचा क्षेत्र में जवान तैनात करने को कहा है।
पुलिस और वन विभाग मिलकर करेंगे सख्त निगरानी
एसडीएम ने पुलिस अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि वे प्रतिबंधों का कड़ाई से पालन करवाएं। कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए किसी को भी आगे न जाने दें। इसके साथ ही वन मंडल अधिकारी रामपुर को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे वन क्षेत्र में पर्याप्त गार्ड तैनात करें।
प्रशासन और वन विभाग आपस में तालमेल बनाकर प्रतिबंधित मार्ग पर लोगों के प्रवेश को रोकेंगे। बुधवार को झाकड़ी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 41 बाहरी यात्रियों को फांचा में रोका। ये लोग एक टेम्पो ट्रैवलर और तीन छोटी गाड़ियों से आए थे, जिन्हें वापस भेज दिया गया।

