HP Panchayat Election: हिमाचल में लोकतंत्र का महात्योहार, भारी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू; केंद्रों के बाहर दिखी लंबी कतारें

Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायतीराज संस्थाओं के पहले चरण का मतदान आज सुबह 7 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गया है। सूबे की 1293 पंचायतों में सुबह से ही मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पोलिंग बूथों पर पहुंच रहे हैं। केंद्रों के बाहर वोटरों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं।

- Advertisement -

जानिए कब तक डाले जाएंगे वोट और सुरक्षा के क्या हैं इंतजाम

राज्य निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। स्वतंत्र मतदान के लिए राज्य भर में 8,198 मतदान दलों को उनके निर्धारित केंद्रों पर तैनात किया गया है। आयोग के अनुसार, प्रदेश भर में कुल 21,678 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां दोपहर 3 बजे तक वोट डाले जाएंगे।

पहले चरण की वोटिंग प्रक्रिया दोपहर 3 बजे समाप्त होते ही सभी संबंधित केंद्रों पर पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के मतों की गिनती शुरू कर दी जाएगी। चुनाव आयोग इन पदों के परिणाम आज देर शाम तक ही घोषित कर देगा। ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं में मतदान को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।

बीडीसी और जिला परिषद के नतीजों के लिए करना होगा इंतजार

इन पंचायतों में जिला परिषद और बीडीसी पदों के लिए भी आज ही वोट डाले जा रहे हैं। हालांकि, इन दोनों पदों के मतों की गिनती 31 मई को की जाएगी। आयोग उसी दिन राज्य के चार प्रमुख नगर निगमों-सोलन, मंडी, धर्मशाला और पालमपुर के मतों की गिनती भी एक साथ पूरी करेगा।

- Advertisement -

शिमला में शराब की बिक्री बंद और 42 पंचायतें निर्विरोध निर्वाचित

सुरक्षा के मद्देनजर जिन पंचायतों में आज मतदान चल रहा है, वहां शराब के ठेके, बीयर बार और होटल पूरी तरह बंद रहेंगे। राजधानी शिमला की बात करें तो जिले की कुल 441 पंचायतों में से पहले चरण में 150 पंचायतों में आज वोटिंग हो रही है। इस दौरान कानून व्यवस्था पर पैनी नजर रखी जा रही है।

शिमला जिले की 42 पंचायतें पहले ही निर्विरोध चुनी जा चुकी हैं, इसलिए वहां आज केवल बीडीसी और जिला परिषद के लिए ही वोट डाले जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि राज्य में पंचायत चुनाव कुल तीन चरणों में पूरे होंगे। इसके तहत 26, 28 और 30 मई को अलग-अलग क्षेत्रों में मतदान संपन्न कराया जाएगा।

Author: Sunita Gupta

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles