संजय सिंह ने परवेश वर्मा और टीवी चैनलों को मानहानि का केस करने की धमकी दी, बोले- ‘भारतीय झूठा पार्टी’ गोएबल्स के सिद्धांत पर कर रही काम

Delhi News: शनिवार को ‘शीश महल’ विवाद ने तब और तूल पकड़ लिया जब राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मंत्री परवेश वर्मा और मीडिया चैनलों को मानहानि का मुकदमा करने की चेतावनी दे डाली। संजय सिंह ने कहा कि परवेश वर्मा ने जो भी तस्वीरें प्रकाशित की हैं, वे पूरी तरह से फर्जी और निराधार हैं। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि ऐसी झूठी तस्वीरें दिखाने वाले हर चैनल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

‘एलजी से लेकर परवेश वर्मा तक अपने घर खोलें’

संजय सिंह ने बीजेपी को खुली चुनौती देते हुए कहा कि सच सामने आना चाहिए। उन्होंने कहा कि एलजी का घर, सीएम रेखा गुप्ता का घर और परवेश वर्मा का खुद का घर जनता के लिए खोला जाए। इसके बाद अरविंद केजरीवाल का घर भी जनता के सामने खोल दिया जाएगा। संजय सिंह ने जोर देकर कहा कि लोग खुद जाकर देखें और तय करें कि असल में किसका घर भव्य बन गया है।

‘भारतीय झूठा पार्टी’ वाला तीखा हमला

संजय सिंह ने बीजेपी को ‘भारतीय झूठा पार्टी’ करार देते हुए गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि फर्जी तस्वीरें प्रकाशित करके और फर्जी खबरें फैलाकर बीजेपी वही पुराने तरीके अपना रही है। सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि वे हिटलर के प्रचारक जोसेफ गोएबल्स के सिद्धांतों का पालन कर रहे हैं और बार-बार झूठ बोलकर उसे सच साबित करने की कोशिश कर रहे हैं।

परवेश वर्मा ने क्या कहा था

भाजपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर परवेश वर्मा ने लोधी एस्टेट स्थित केजरीवाल के बंगले को ‘शीश महल 2’ करार दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय लोक निर्माण विभाग इतना खर्च नहीं करता और यहां निजी धन लगाया गया है। वर्मा ने कहा कि दिल्ली के मतदाताओं ने केजरीवाल को शीश महल से बेदखल किया, फिर वे पंजाब गए और अब उन्होंने लोधी एस्टेट में नया आलीशान बंगला बना लिया।

टाइप VII बंगले पर निजी धन खर्च का आरोप

मंत्री ने केंद्र से आवंटित टाइप VII बंगले की तस्वीरें जारी करते हुए कहा कि सरकारी आवास में इस स्तर की सुविधाएं नहीं होतीं। वर्मा ने दावा किया कि इसमें उच्च गुणवत्ता वाली सुविधाओं के निर्माण के लिए प्राइवेट पैसा खर्च किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जो नेता सादगी की राजनीति करता था, वह अब विलासितापूर्ण जीवन क्यों जी रहा है और यह रकम कहां से आई।

Hot this week

Related News

Popular Categories