Jamshedpur News: बारीडीह स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में सोमवार को पहला कॉन्वोकेशन भव्य रूप से आयोजित किया गया. इस ऐतिहासिक समारोह में शैक्षणिक सत्र 2020-21 के 133 विद्यार्थियों को चिकित्सा स्नातक (MBBS) की उपाधि दी गई. यह कार्यक्रम मनीपाल उच्च शिक्षा अकादमी के 33वें दीक्षांत समारोह का मुख्य हिस्सा था.
राज्यपाल संतोष गंगवार ने डॉक्टरों को दिया सेवा का मंत्र
झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार समारोह के मुख्य अतिथि थे. उन्होंने नए डॉक्टरों को डिग्रियां प्रदान कीं. राज्यपाल ने कहा कि चिकित्सा केवल रोजगार का साधन नहीं है. यह पूरी तरह मानवता की सेवा का मिशन है. उन्होंने डॉक्टरों को संवेदनशीलता और मानवीय संबंध बनाए रखने की सलाह दी.
मंच पर गृह मंत्रालय के वरिष्ठ सुरक्षा सलाहकार के. विजय कुमार और टाटा स्टील के उपाध्यक्ष डी.बी. सुंदर रामम मौजूद थे. इनके अलावा अकादमी के कुलपति डॉ. शरथ के. राव और डीन ब्रिगेडियर डॉ. एच.एस. बंधु भी उपस्थित थे. कार्यक्रम में अभिभावकों और डॉक्टरों की भारी भीड़ रही.
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने वीडियो संदेश से दी बधाई
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने वीडियो संदेश भेजकर नए डॉक्टरों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि डॉक्टरों का असली काम मरीजों का विश्वास जीतना है. वरिष्ठ सुरक्षा सलाहकार के. विजय कुमार ने युवाओं से समर्पण, ईमानदारी और निरंतर सीखने की भावना के साथ काम करने को कहा.
सुरक्षा सलाहकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सामूहिक कार्य संस्कृति पर जोर दिया. कुलपति डॉ. शरथ के. राव ने कहा कि उनके संस्थान ने चिकित्सा, अनुसंधान और नवाचार में विशिष्ट पहचान बनाई है. उन्हें पूरा भरोसा है कि पहला बैच दुनिया भर में बेहतरीन योगदान देगा.
दो बड़े प्रतिष्ठित संस्थानों की साझी पहल लाया रंग
वर्ष 2020 में स्थापित यह मेडिकल कॉलेज दो बड़े प्रतिष्ठित संस्थानों की साझी पहल का परिणाम है. वक्ताओं ने बताया कि आधुनिक सुविधाओं और बेहतरीन प्रशिक्षण के कारण यह कॉलेज तेजी से आगे बढ़ा है. यह संस्थान झारखंड और पूरे पूर्वी भारत में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत कर रहा है.
Author: Rohit Mahato


