Pratapgarh News: रायबरेली-जौनपुर हाईवे पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. एक तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने सरकारी बोलेरो को सामने से जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण भिड़ंत में बोलेरो सवार तीन पुलिसकर्मियों समेत कुल 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
बेकाबू मिनी ट्रक ने सरकारी बोलेरो को मारी टक्कर
हादसा कोतवाली देहात क्षेत्र के पृथ्वीगंज में खरहर साई कुटी के पास हुआ. पुलिस कार्यालय के लेखा विभाग में तैनात संजय मौर्य, संदीप यादव और उत्तम अग्रहरि जरूरी कागजात पर हस्ताक्षर कराने रानीगंज गए थे. वापसी के दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार आयशर कैंटर मिनी ट्रक ने उनकी गाड़ी को रौंद दिया.
इस भीषण टक्कर के दौरान वहां से गुजर रहा एक टेंपो भी बेकाबू ट्रक की चपेट में आ गया. टेंपो में सवार यात्री एक रिश्तेदार के घर शोक जताने जा रहे थे. हादसे में टेंपो सवार कमर जहां, हदीसा बानो, शाइस्ता बानो, मोहम्मद हसीद, शकीरा बानो, साहिबा बानो और चालक सर्वेश दुबे घायल हो गए.
घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती, चालक फरार
सड़क पर चीख-पुकार मचने के बाद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े. ग्रामीणों ने बोलेरो के केबिन में फंसे घायल चालक को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला. सूचना मिलते ही कोतवाली देहात प्रभारी पुष्पराज सिंह और रानीगंज कोतवाल वीके सत्यार्थी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गए.
पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस से जिला ट्रामा सेंटर भिजवाया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद कुछ लोगों को राजा प्रताप बहादुर अस्पताल रेफर कर दिया. हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस केस दर्ज कर फरार ट्रक चालक की सरगर्मी से तलाश कर रही है.
Author: Ajay Mishra


