प्रयागराज में सनसनीखेज वारदात, भतीजे के प्रेम विवाह और संपत्ति विवाद में सोते समय अधेड़ की चापड़ से काटकर निर्मम हत्या

Prayagraj News: घूरपुर थाना क्षेत्र के चकिया डेरा गांव में रविवार देर रात खौफनाक वारदात हुई. घर के बाहर सो रहे 55 वर्षीय सब्जी विक्रेता तिलकधारी भारतीया की चापड़ से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस सनसनीखेज घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और सोमवार सुबह मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई.

भतीजे की लव मैरिज से शुरू हुआ था खूनी विवाद

परिजनों के मुताबिक तिलकधारी के भतीजे ने कुछ महीने पहले पड़ोस की एक युवती से प्रेम विवाह किया था. इस शादी को लेकर दोनों परिवारों में लंबे समय से दुश्मनी चल रही थी. विवाद बढ़ने पर प्रेमी जोड़े ने कोर्ट से सुरक्षा मांगी थी और वे गांव छोड़कर दूसरी जगह रहने लगे थे.

शादी के बाद दोनों पक्षों में संपत्ति को लेकर भी गंभीर विवाद शुरू हो गया था. आरोपी लगातार युवक को जायदाद से बेदखल करने का दबाव बना रहे थे. मृतक के बेटे राहुल ने आरोप लगाया कि इसी रंजिश के कारण पट्टीदारों ने उनके पिता तिलकधारी को अपना निशाना बनाया और खूनी खेल खेला.

देर रात चारपाई पर सोते समय किया ताबड़तोड़ हमला

हमलावरों ने रविवार रात करीब दो बजे इस वारदात को अंजाम दिया. तिलकधारी अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे. तभी बदमाशों ने उन पर चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. चीख-पुकार सुनकर पत्नी शिमला देवी और बच्चे बाहर आए, तब तक कातिल अंधेरे का फायदा उठाकर भाग चुके थे.

गंभीर रूप से लहूलुहान तिलकधारी को परिजन तुरंत अस्पताल ले गए. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर मिलते ही रो-रोकर परिवार का बुरा हाल हो गया. सूचना मिलते ही घूरपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया.

मुख्य आरोपी फरार, पांच संदिग्धों को पुलिस ने दबोचा

पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं. मृतक के बेटे की तहरीर पर गंगा प्रसाद, श्यामबाबू, लक्ष्मण और मुख्य आरोपी विशाल समेत आठ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया है.

घूरपुर थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है. मुख्य आरोपी विशाल और अन्य फरार लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी दोषियों को जेल भेजा जाएगा.

Author: Ajay Mishra

Hot this week

Shimla Secretariat News: नए सीएम कार्यालय के लिए सचिवालय में बड़ा बदलाव, अस्थायी दफ्तर से चलेगा कामकाज

Shimla News: हिमाचल प्रदेश सचिवालय में मुख्यमंत्री कार्यालय के...

केंद्र ने बढ़ाया SARTHAK-PDS मिशन, अब AI और GPS तकनीक से मिलेगा राशन का पूरा लाभ

Delhi News: केंद्र सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली को...

Related Articles

Popular Categories