Jamshedpur News: ओलीडीह पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जवाहरनगर निवासी मो. जीशान अहमद को 120 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद दवाओं की बाजार कीमत करीब 90 हजार रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई एसएसपी पीयूष पांडेय के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई है।
कोलकाता से आ रही थी नशीली दवाओं की खेप
पटमदाडीएसपी वचनदेव कुजूर ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक कोलकाता से बस के रास्ते जमशेदपुर नशीली दवाओं की बड़ी खेप ला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई। शंकोसाई रोड नंबर चार के पास संदिग्ध युवक को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उसके ट्राली बैग से 100 एमएल की 120 बोतलें बरामद हुईं।
औषधि निरीक्षक ने की दवाओं की जांच
औषधिनिरीक्षक की जांच में इन दवाओं के नशीले पदार्थ के रूप में दुरुपयोग की पुष्टि हुई है। पुलिस की पूछताछ में आरोपित जीशान ने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से युवाओं को नशे का आदी बनाने के लिए यह अवैध धंधा चला रहा था। वह क्षेत्र के युवकों को प्रतिबंधित दवाओं की आपूर्ति करता था। पुलिस अब इस धंधे से जुड़े अन्य नेटवर्क और सप्लायरों की तलाश में जुटी है।
ओलीडीह क्षेत्र में पहले भी पकड़ी जा चुकी है बड़ी खेप
गौरतलब हैकि ओलीडीह थाना क्षेत्र में पूर्व में भी भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप पकड़ी जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि इस बार की गिरफ्तारी से क्षेत्र में नशे के कारोबार को बड़ा झटका लगा है। शहर को नशे के जाल से मुक्त कराने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। फिलहाल पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है और उसके अन्य साथियों की तलाश में दबिश दे रही है।


