Prayagraj News: फाफामऊ कोल्ड स्टोरेज हादसे में पुलिस और प्रशासन ने देर रात बड़ी कार्रवाई की। कोल्ड स्टोरेज के मालिक एवं पूर्व विधायक-पूर्व मंत्री अंसार अहमद, मैनेजर उस्मान सहित कुल सात लोगों के खिलाफ हत्या की धारा 103(1) सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने अंसार अहमद समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
हत्या सहित कई धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
फाफामऊ थानेके उपनिरीक्षक कम्बोद सिंह की तहरीर पर रात करीब डेढ़ बजे यह मुकदमा दर्ज किया गया। इसमें आठ नामजद और चार से पांच अज्ञात आरोपित बनाए गए हैं। आरोपितों पर बीएनएस की धारा 103(1) (हत्या) सहित अन्य धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस ने अंसार अहमद, उनके बेटे मंजूर इलाही और अलाउद्दीन को बदरी रेलवे ओवर ब्रिज के पास से गिरफ्तार किया। तीनों को देर शाम कोर्ट में पेश किया गया। अन्य पांच आरोपितों की तलाश में दबिश जारी है।
अमोनिया गैस ब्लास्ट से चार की मौत
सोमवार दोपहर करीब डेढ़बजे चंदापुर गांव स्थित आदर्श कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस का चेंबर ब्लास्ट हो गया। इससे कोल्ड स्टोरेज का अगला हिस्सा और दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई और करीब 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गैस रिसाव से पूरे वातावरण में दुर्गंध फैल गई, लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी और इलाके में अफरातफरी मच गई।
क्षमता से अधिक भंडारण और सुरक्षा की अनदेखी के आरोप
पुलिस कीजांच में सामने आया कि कोल्ड स्टोरेज करीब 25 साल से असुरक्षित तरीके से चल रहा था। इसकी मरम्मत और रखरखाव ठीक से नहीं किया गया था। हादसे के समय करीब 90 से 100 मजदूर काम कर रहे थे, जिन्हें कोई ट्रेनिंग नहीं दी गई थी। कोल्ड स्टोरेज जर्जर हालत में था और वहां कोई टेक्नीशियन तैनात नहीं था। आरोप है कि मुनाफे के लिए क्षमता से अधिक आलू की बोरियां स्टोर की गई थीं और जानते हुए भी अधिक अमोनिया गैस छोड़ी गई।
मंत्री के निर्देश पर अधिकारी निलंबित, शवों की हुई पहचान
मंगलवार कोघटनास्थल पर पहुंचे प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश सिंह के निर्देश पर उद्यान अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया गया। हादसे में मरने वालों की पहचान सनोज चौधरी, मसींदर कुमार, ज्योतिष कुमार और जगदीश के रूप में हुई। सभी मृतक बिहार के सहरसा जिले और फाफामऊ क्षेत्र के रहने वाले थे। प्रशासन ने घायलों के इलाज की व्यवस्था की है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।


