डॉक्टर से जल्दी अपॉइंटमेंट लेने के चक्कर में युवती बनी नकली लेडी सिंघम, पुलिस ने खाकी वर्दी में किया गिरफ्तार

Maharashtra News: पुणे के कैंप इलाके से पुलिस ने एक बेहद चौंकाने वाला मामला उजागर किया है। यहां लश्कर पुलिस स्टेशन की टीम ने एक २५ वर्षीय युवती को फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर रौब झाड़ते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान समीना आसिफ इनामदार उर्फ समीना अयूब पठान के रूप में हुई है।

पकड़ी गई आरोपी महिला बकायदा खाकी वर्दी पहनकर और अपने कंधों पर स्टार लगाकर खुद को असली अधिकारी की तरह पेश कर रही थी। शनिवार ६ जून को जब लश्कर पुलिस स्टेशन के उपनिरीक्षक अपनी टीम के साथ कैंप इलाके में गश्त कर रहे थे, तब उन्हें एक प्राइवेट क्लिनिक के बाहर यह संदेहास्पद महिला दिखाई दी।

गश्त के दौरान ऐसे खुली फर्जी पुलिस की पोल

पुलिस उपनिरीक्षक महेश शिंदे को क्लिनिक के बाहर खड़ी महिला की हरकतें संदिग्ध लगीं। उन्होंने तुरंत महिला कर्मचारियों को साथ लिया और उस युवती के पास जाकर पूछताछ शुरू की। जब शिंदे ने उससे पुलिसिया अंदाज में उसके पोस्टिंग वाले पुलिस स्टेशन और पहचान पत्र के बारे में पूछा, तो वह घबरा गई।

सवालों के जाल में फंसने के बाद महिला ने बात करना बंद कर दिया और उसकी पोल खुल गई। कड़ाई से जांच करने पर पता चला कि वह कोई असली अफसर नहीं, बल्कि एक साधारण प्राइवेट कंपनी की कर्मचारी है। उसका पुलिस अधिकारी बनने का सपना अधूरा रह जाने के कारण वह यह ढोंग कर रही थी।

डॉक्टर पर दबाव बनाने के लिए पहनी थी वर्दी

शुरुआती पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि समीना को उस प्राइवेट क्लिनिक में इलाज के लिए डॉक्टर से तुरंत अपॉइंटमेंट चाहिए था। बार-बार प्रयास करने के बाद भी जब उसे डॉक्टर से मिलने का समय नहीं मिला, तो उसने रिसेप्शनिस्ट और वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों पर रौब झाड़ने की योजना बनाई।

उसने क्लिनिक के स्टाफ पर दबाव बनाने के लिए बकायदा पुलिस की यूनिफॉर्म पहनी ताकि उसे प्राथमिकता दी जाए। पुलिस ने इस फर्जी लेडी सिंघम को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। लश्कर पुलिस स्टेशन का स्टाफ अब इस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच में जुटा है।

Reported By: Sachin Kulkarni

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories