Varanasi News: रिंग रोड फेज-दो पर मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। खेवशीपुर गांव के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे पीछे आ रहा ट्रक उसमें जा घुसा। इस दर्दनाक हादसे में जौनपुर निवासी ट्रक चालक की मौत हो गई। ट्रेलर चालक मौके से फरार है।
स्टेयरिंग में फंसा चालक, ट्रामा सेंटर में हुई मौत
लोहता थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि मृतक रोहित पाल जौनपुर के जमैथा गांव का था। रात दो बजे वह खाली ट्रक लेकर हरहुआ से राजातालाब जा रहा था। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रोहित स्टेयरिंग के बीच बुरी तरह फंस गया था।
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल रोहित को बाहर निकाला। उसे फौरन बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन अस्पताल पहुंचे और पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों से बढ़ा भारी डर
हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इससे पहले 10 मई को मिर्जामुराद में भी ऐसा हादसा हुआ था। वहां अचानक ब्रेक लगने से रोडवेज बस ट्रक से जा भिड़ी थी। इस दुर्घटना में एक दर्जन लोग घायल हुए और एक व्यक्ति का हाथ कट गया।
Author: Ajay Mishra


