Himachal News: हिमाचल प्रदेश के पर्यटन केंद्र कुल्लू में पुलिस ने एक ऐसी संदिग्ध जोड़ी को पकड़ा है, जिसके तार सात समुंदर पार तक जुड़ गए हैं। भुंतर के गड़सा चौक पर ट्रैफिक चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल सवार को रोका जो शराब के नशे में बुरी तरह धुत था। चौंकाने वाली बात तब सामने आई जब आरोपी ने अपनी जमानत के लिए जिस महिला को बुलाया, वह विदेशी निकली और उसके पास भारत में रहने का कोई भी वैध दस्तावेज मौजूद नहीं था।
नशे की हालत में लुधियाना का युवक गिरफ्तार
भुंतर पुलिस की टीम गड़सा चौक पर रूटीन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पंजाब नंबर (PB 91 B 2692) की एक मोटरसाइकिल संदिग्ध हालत में वहां से गुजरी। पुलिस ने जब चालक को रोककर अल्को सेंसर से जांच की, तो मशीन का कांटा 368 पर जाकर रुका। यह मात्रा निर्धारित सीमा से कई गुना अधिक थी। युवक की पहचान लुधियाना के राजगुरु नगर निवासी सौरव कुमार के रूप में हुई है। पकड़े जाने पर वह पुलिस को अपनी पहचान का कोई भी पुख्ता सबूत नहीं दे सका।
जमानत के लिए बुलाया तो सामने आया विदेशी कनेक्शन
मामला तब और पेचीदा हो गया जब सौरव ने अपनी जमानत कराने के लिए एक महिला को मौके पर बुलाया। पुलिस ने जब महिला से पूछताछ की और पहचान पत्र मांगा, तो वह घबरा गई। तलाशी और पूछताछ में पता चला कि महिला युगांडा की नागरिक है, जिसका नाम नाकावीसा फरीदा (30 वर्ष) है। पुलिस के मुताबिक, फरीदा के पास न तो पासपोर्ट था और न ही कोई वैध वीजा। वह बिना किसी कानूनी दस्तावेज के कुल्लू की वादियों में घूम रही थी।
इमिग्रेशन एक्ट के तहत कड़ा मुकदमा दर्ज
कुल्लू पुलिस ने बिना देरी किए दोनों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने पुष्टि की है कि इन दोनों के खिलाफ इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट 2025 की धारा 21 और 23 के तहत केस दर्ज किया गया है। साथ ही मोटरसाइकिल चालक पर मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि यह विदेशी महिला कब से और किसकी मदद से हिमाचल में छिपी हुई थी।


