Assam News: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मंगलवार को असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपना ‘संकल्प पत्र’ जारी कर दिया। इस मौके पर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि असम में शांति और विकास तभी संभव है, जब यहां स्थिरता होगी।
बीजेपी का घोषणापत्र एक दशक की उपलब्धियों पर आधारित
सीतारमण नेकहा कि यह घोषणापत्र असम में पिछले दस साल के बदलाव पर टिका है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी ने एक दशक में जो काम किया, वह कांग्रेस 60 सालों में भी नहीं कर पाई। केंद्रीय मंत्री ने कहा, “मैं एक ऐसे राज्य का कायाकल्प देख रही हूं, जो कांग्रेस के छह दशकों के शासन में कभी संभव नहीं था।”
जारी करने में ये बड़े नेता रहे मौजूद
‘संकल्प पत्र’जारी करने के दौरान निर्मला सीतारमण के साथ केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया भी मौजूद रहे।
‘अफस्पा कानून के लिए कांग्रेस जिम्मेदार’
सीतारमण नेकांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पूर्वोत्तर के दीर्घकालिक विकास पर उस पार्टी का कोई ध्यान नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया, “कांग्रेस की नीतियों के कारण ही असम में 32 सालों तक अफस्पा (AFSPA) कानून लागू रहा।” वित्त मंत्री ने यह भी कहा कि बीजेपी शासन में असम के युवाओं को ज्यादा अवसर मिले हैं। इस वजह से युवा अब राज्य लौटने लगे हैं।
तीन लाख से अधिक लोगों के सुझाव से बना संकल्प पत्र
केंद्रीय मंत्रीसर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि यह दस्तावेज आम लोगों की राय से तैयार किया गया है। उन्होंने कहा, “हम असम के हर हिस्से में गए, घर-घर गए। हमने लोगों से अगले कार्यकाल के लिए सुझाव मांगे।” सोनोवाल ने बताया कि करीब तीन लाख से अधिक लोगों ने अपने विचार दिए। इन्हीं सुझावों के आधार पर बीजेपी तीसरे कार्यकाल में काम करेगी।


